धर्मशाला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर धर्मशाला में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने देश के निर्माण और विकास में इंदिरा गांधी के योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी दूरदर्शी नेता थीं। उनके मजबूत नेतृत्व और ऐतिहासिक फैसलों ने देश की प्रगति की मजबूत नींव रखी। गरीबी उन्मूलन, बैंकों के राष्ट्रीयकरण, कृषि उत्पादन बढ़ाने, रोजगार सृजन और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए किए गए उनके प्रयास हमेशा याद रखे जाएंगे।
सुक्खू ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए इंदिरा गांधी ने सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों से भी बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत करने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने और प्रगतिशील व समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें अनुशासन, समर्पण, देशभक्ति तथा सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, सांसद अनुराग शर्मा, सुक्खू के साथ विधायक केवल सिंह पठानिया, विधायक किशोरी लाल और कमलेश ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।













