शिमला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में दो नाबालिग लड़कियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को विधानसभा में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से करवाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि वह पुलिस महानिदेशक (DGP) को जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी को सौंपने के निर्देश देंगे।
सुक्खू ने कहा, “हमारा मकसद सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि उन कारणों की तह तक पहुंचना है, जिनकी वजह से दोनों बच्चियों की जिंदगी का दुखद अंत हुआ। दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने पुलिस की प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि दोनों लड़कियां 14 नवंबर को घर से यह कहकर निकली थीं कि वे परीक्षा देने जा रही हैं, लेकिन वापस नहीं लौटीं।
इसके बाद दोनों अमन और अंशुल नाम के दो युवकों के साथ मंडी गईं और शाम को बरमाणा चौक लौटीं।
पुलिस जांच के अनुसार, 15 नवंबर की शाम को दोनों लड़कियां घुमारवीं बस स्टैंड पर दिखाई दी थीं। CCTV फुटेज में कथित तौर पर दोनों युवकों को देखकर लड़कियों के दौड़ने और युवकों के उनके पीछे जाने की तस्वीरें सामने आई हैं।
पुल के पास स्थित एक शोरूम की CCTV फुटेज में चारों को घटना से कुछ समय पहले बातचीत करते हुए देखा गया। इसके बाद दोनों लड़कियों ने सीर खड्ड में छलांग लगा दी। दोनों युवक भी उनके पीछे दौड़े, लेकिन उन्हें रोक नहीं सके।
15 नवंबर को एक लड़की का शव बरामद हुआ, जबकि दूसरी का शव 16 नवंबर को मिला।
पुलिस मृतक लड़कियों में से एक के इंस्टाग्राम अकाउंट और चैट की भी जांच कर रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित जानकारी और लोकेशन रिकॉर्ड मांगे गए हैं।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 108 और 3(5) के तहत जीरो FIR दर्ज की गई है, जिसे बरमाणा पुलिस थाना स्थानांतरित किया गया है।
भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने पुलिस की प्रारंभिक जांच पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि लड़कियां परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं, इस बात को लेकर संदेह है।
उन्होंने मामले में नशे और चिट्टा तस्करों के संभावित नेटवर्क की भूमिका की आशंका भी जताई। जम्वाल ने बरमाणा पुलिस की निष्पक्ष जांच पर सवाल उठाते हुए थाना प्रभारी (SHO) को बदलने की मांग की।
अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर होने वाली वरिष्ठ अधिकारी की जांच से इस पूरे मामले की असल वजह सामने आने की उम्मीद है।













