Home Haryana नकली कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री पर छापा, 9,391 बोतलें बरामद!

नकली कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री पर छापा, 9,391 बोतलें बरामद!

टारगेट न्यूज सर्विस। राजवीर दीक्षित 

 

(Fake soft drink factory exposed! Poison being supplied under the names of 4 major brands) नामी कंपनियों की कोल्ड ड्रिंक के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। हरियाणा के पानीपत में सीएम फ्लाइंग, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने नकली कोल्ड ड्रिंक बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान मौके से माउंटेन ड्यू, कोका-कोला, स्प्राइट और लिम्का के लेबल लगी 9,391 भरी हुई बोतलें बरामद की गईं। इसके अलावा लेबल के 41 रोल भी जब्त किए गए।

कार्रवाई सनौली रोड पर होटल जयफुड के पास कुराड़ गांव स्थित एमएस इंटरप्राइजेज में की गई। टीम को सूचना मिली थी कि यहां माउंटेन ड्यू के नाम से नकली कोल्ड ड्रिंक तैयार की जा रही है। छापे के समय फैक्ट्री में कई मशीनें चल रही थीं और बड़े पैमाने पर पेय पदार्थों की पैकिंग की जा रही थी।

छह ब्रांड्स के नाम पर हो रहा था कारोबार

फैक्ट्री में मिले सुपरवाइजर राहुल बालियान ने बताया कि यहां माउंटेन ड्यू, कोका-कोला, स्प्राइट, लिम्का, फैंटा और थम्स अप सहित कई ब्रांड्स के नाम पर कोल्ड ड्रिंक बनाई जाती थी। मौके पर पहुंचे पेप्सी और कोका-कोला कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने बोतलों और लेबल की जांच की और उन्हें नकली बताया।

जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पेय पदार्थों के 9 सैंपल लेकर लैब भेजे हैं। अब रिपोर्ट से पता चलेगा कि बोतलों में भरे पेय पदार्थों में कौन-से तत्व इस्तेमाल किए गए थे और वे स्वास्थ्य के लिए कितने नुकसानदायक हो सकते हैं।

मालिक फरार, फोन भी मिला बंद

रेड की भनक लगते ही फैक्ट्री मालिक महेंद्र मलिक मौके से फरार हो गया। उससे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। फैक्ट्री प्रबंधन मौके पर लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज भी पेश नहीं कर सका।

पुलिस ने फैक्ट्री मालिक महेंद्र मलिक और सुपरवाइजर राहुल बालियान के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

किस ब्रांड की कितनी बोतलें मिलीं?

बरामदगी में माउंटेन ड्यू की 400 एमएल की 1,030 बोतलें और 18 लेबल रोल शामिल हैं। कोका-कोला की 1 लीटर की 1,335 बोतलें, 2 लीटर की 612 और 44 बोतलें, बिना लेबल वाली 2 लीटर की 308 बोतलें तथा 1 लीटर की 5,501 बोतलें बरामद हुईं। इसके अलावा एमडी कोल्ड ड्रिंक्स की सवा लीटर की 510 बोतलें, स्प्राइट की 2 लीटर की 24 बोतलें और 4 लेबल रोल तथा लिम्का की 2 लीटर की 27 बोतलें और एक लेबल रोल भी जब्त किया गया।

2020 में भी पकड़ी गई थी नकली फैक्ट्री

पानीपत में नकली कोल्ड ड्रिंक बनाने का यह पहला मामला नहीं है। जून 2020 में पुलिस ने पसीना कलां रोड पर नकली माउंटेन ड्यू बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी थी। उस कार्रवाई में 3,780 पेटी नकली कोल्ड ड्रिंक और 1,840 डुप्लीकेट बोतलें बरामद हुई थीं। फैक्ट्री से केमिकल, चीनी की 200 बोरियां, फिल्टर, कूलिंग टावर, लेबल और पैकिंग मशीनें भी मिली थीं।

उस मामले में आठ कारोबारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान कुरुक्षेत्र के दो गोदामों से करीब 289 पेटी नकली माउंटेन ड्यू भी बरामद हुई थीं।

अब ताजा कार्रवाई के बाद पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि नकली कोल्ड ड्रिंक की सप्लाई किन-किन जिलों में की जा रही थी और क्या इसके पीछे कोई पुराना नेटवर्क भी सक्रिय है।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
खेत में मिला बॉडीबिल्डर का गोली लगा शव, 2 दिन से था लापता ₹100 करोड़ का रोड प्रोजेक्ट, किशनगढ़-करतारपुर सड़क होगी चौड़ी भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, कार ट्रक से टकराई भारत-अमेरिका का बड़ा एक्शन: ड्रग्स नेटवर्क के 6 सदस्य गिरफ्तार नकली कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री पर छापा, 9,391 बोतलें बरामद! महिलाओं को ₹1500 देने का वादा अधूरा? BJP ने कांग्रेस को घेरा! इंदिरा गांधी की याद में हिमाचल, CM सुक्खू ने अर्पित किए श्रद्धासुमन सोलन में जमीन के सौदों पर ब्रेक! क्या अब बचेंगे हिमाचल के पहाड़? दो लड़कियों की आत्महत्या से मचा हड़कंप, CM सुक्खू ने दिए जांच के आदेश! हिमाचल विधानसभा में बवाल! सेना पर टिप्पणी को लेकर BJP का वॉकआउट