ऊना।राजवीर दीक्षित
गूगल मैप के निर्देशों पर आंख मूंदकर भरोसा करना एक ट्रक चालक को भारी पड़ गया। ऊना जिले के गगरेट में अंब से आ रहा सामान से लदा ट्रक स्वां नदी के किनारे बने संकरे वैकल्पिक रास्ते पर फंस गया। हालात ऐसे बने कि ट्रक का एक पहिया नदी की तरफ झुक गया और वाहन के पलटने का खतरा पैदा हो गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक अंब से गगरेट की ओर जा रहा था। रास्ता तलाशने के लिए वह गूगल मैप्स का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान वह पुराने अंब रोड से होते हुए स्वां नदी के किनारे बने वैकल्पिक मार्ग पर पहुंच गया।
ट्रक में सामान लदा होने के कारण चालक को संकरे रास्ते की स्थिति और भारी वाहन के लिए उसकी उपयुक्तता का अंदाजा नहीं लग पाया। जैसे ही ट्रक आगे बढ़ा, उसका संतुलन बिगड़ने लगा। कुछ ही देर में एक पहिया नदी की तरफ झुक गया। ट्रक के पलटने की आशंका से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद वाहन को वहां से हटाया गया। इस दौरान वैकल्पिक मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी हुई और यातायात प्रभावित रहा।
राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। ट्रक हटाए जाने के बाद सड़क पर यातायात बहाल कर दिया गया। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि ट्रक को हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करवा दी गई है।
यह घटना भारी वाहन चालकों के लिए सबक है कि अनजान रास्तों पर केवल नेविगेशन ऐप के भरोसे आगे न बढ़ें। रास्ते की चौड़ाई, सड़क की स्थिति और वाहन के आकार को ध्यान में रखते हुए जरूरत पड़ने पर स्थानीय लोगों से जानकारी जरूर लें।













