कसौली।राजवीर दीक्षित
कसौली और आसपास के क्षेत्रों में आउटसोर्स आधार पर संचालित पेयजल योजनाओं की बदहाल व्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। ठेकेदारों की कथित लापरवाही के कारण न तो मशीनों की खराबी समय पर ठीक हो रही है और न ही उपभोक्ताओं को साफ पानी मिल पा रहा है। कई योजनाओं में पुरानी मोटरों के बार-बार खराब होने से जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।
कसौली क्षेत्र की लराह पेयजल योजना सहित कई योजनाओं में मशीनरी की खराबी आम होती जा रही है। मोटर खराब होने के बाद मरम्मत में कई दिन लग जाते हैं, जिससे लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ती है।
लराह पेयजल योजना के उपभोक्ता रवि ने बताया कि उन्हें पूरे साल, यहां तक कि बारिश के दौरान भी, मटमैला पानी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि घर में वाटर प्यूरीफायर लगवाने के कुछ ही सप्ताह बाद उसमें मिट्टी जमा होने लगी। इसके चलते उन्हें पानी की शुद्धता जांचने के लिए अतिरिक्त उपकरण लगवाना पड़ा।
जल शक्ति विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, पानी से मिट्टी और गंदगी हटाने के लिए लगाए गए फिल्टर नियमित रूप से नहीं बदले जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं तक गंदा पानी पहुंच रहा है।
जल शक्ति विभाग में फील्ड स्टाफ की कमी के चलते कई पेयजल योजनाओं का रखरखाव और संचालन निजी ठेकेदारों को सौंपा गया है। इन योजनाओं पर हर साल लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा।
आरोप है कि एक ही ठेकेदारों को बार-बार काम मिलने से योजनाओं के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है और मशीनों की खराबी कई दिनों तक ठीक नहीं होती।
जल शक्ति विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी ने बताया कि विभाग में फील्ड स्टाफ की कमी है और सहायक अभियंताओं को एक से अधिक डिवीजनों का काम देखना पड़ रहा है। सरकार की नीति के तहत केवल पैरा और मल्टीटास्क कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है, जबकि कई पेयजल योजनाएं निजी ठेकेदारों को सौंपी गई हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को खराबियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। लराह पेयजल योजना में पुरानी और खराब हो चुकी मोटर की जगह नई मोटर लगाने को कहा गया है। संबंधित ठेकेदार को भी लापरवाही के लिए फटकार लगाई गई है।
कसौली और आसपास के क्षेत्रों के लोग 103 करोड़ रुपये की गिरि पेयजल योजना के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस योजना के चालू होने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या से राहत मिलेगी।













