द टारगेट न्यूज़:
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जालंधर जोनल ऑफिस ने न्यू चंडीगढ़ स्थित ‘संटेक सिटी’ रियल एस्टेट प्रोजेक्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने 253.66 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। यह आदेश 26 नवंबर को पीएमएलए (PMLA) की धारा 5(1) के तहत जारी किया गया। यह कार्रवाई अजय सहगल, इंडियन को-ऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसाइटी लिमिटेड, एबीएस टाउनशिप प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व में वीआरएस टाउनशिप) और अन्य के खिलाफ की गई है। ED के अनुसार, जांच पंजाब पुलिस की उस एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सहगल और अन्य ने फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान का उपयोग करके प्रोजेक्ट के लिए ‘चेंज ऑफ लैंड यूज’ (CLU) की मंजूरी हासिल की थी। जांच में पाया गया कि लगभग 30.49 एकड़ जमीन के लिए फर्जी सहमति पत्र जमा किए गए थे, जिसके आधार पर 3 जून 2016 को 108.58 एकड़ के लिए CLU मिल गया। इसके बाद 20 मार्च 2018 को GMADA ने लेआउट प्लान को मंजूरी दी और लाइसेंस जारी किया। एजेंसी का आरोप है कि अप्रूव्ड लेआउट के कई महत्वपूर्ण हिस्से, जैसे स्कूल, पार्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और ईडब्ल्यूएस (EWS) के लिए आरक्षित जगहें शिकायतकर्ताओं की जमीन पर थीं, जो कभी सोसाइटी के कब्जे में नहीं थी। 9 सितंबर 2018 के एक संयुक्त विकास समझौते के जरिए विकास और बिक्री के अधिकार एबीएस टाउनशिप को हस्तांतरित कर दिए गए। इसके बाद आम जनता को प्लॉट और कमर्शियल यूनिट्स बेचकर अपराध की कमाई (Proceeds of Crime) जुटाई गई, जिसे ED ने 348.01 करोड़ रुपये आंका है। जांच में यह भी सामने आया कि प्रमोटर ने 100 फीसदी जमीन का अधिग्रहण नहीं किया और ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित जमीन GMADA को नहीं सौंपी। बिना कंप्लीशन सर्टिफिकेट के ही प्लॉट का कब्जा दे दिया गया। ED ने पाया कि फंड को एबीएस ग्रीन होम्स एलएलपी और एबीएस वाइब्रेंस टावर्स एलएलपी के जरिए अजय सहगल और उनके भाई संजय सहगल के निजी खातों में डायवर्ट किया गया। साथ ही, 24.22 करोड़ रुपये मोहाली के ‘डाउनटाउन’ प्रोजेक्ट में निवेश किए गए। कुर्क की गई संपत्तियों में संटेक सिटी, डिस्ट्रिक्ट सेवन, ला कैनेला की संपत्तियां, एबीएस बिल्डर्स की जमीन, आइकॉन ग्रुप में संजय सहगल की 38.46 फीसदी हिस्सेदारी और तीन लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। इससे पहले 7 मई को 14 ठिकानों पर छापेमारी में 30.98 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे और 21 बैंक खाते फ्रीज किए गए थे। अजय सहगल को 22 मई को गिरफ्तार किया गया था और 20 जुलाई को मोहाली की विशेष पीएमएलए अदालत में उनके खिलाफ अभियोजन शिकायत दायर की गई थी।













