चंडीगढ़: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जालंधर जोनल कार्यालय ने लुधियाना के प्रमुख उद्योगपति और वर्धमान ग्रुप के चेयरमैन एस.पी. ओसवाल से जुड़े 7 करोड़ रुपये के बहुचर्चित डिजिटल अरेस्ट ठगी मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ जालंधर स्थित विशेष पीएमएलए (PMLA) अदालत में सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट यानी पूरक आरोपपत्र दाखिल किया है।
किन आरोपियों के नाम हैं शामिल?
ईडी द्वारा दाखिल किए गए इस पूरक आरोपपत्र में कुल सात आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें सोहेल अख्तर, अमर चंदकर, शेख रमजान अली, राकेश अली, गोलाम मोर्तूजा, आलोक रंगी और एक कंपनी मेसर्स रिगियो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (Riggio Ventures Private Limited) शामिल हैं। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि इन जालसाजों ने सुनियोजित तरीके से उद्योगपति को अपने जाल में फंसाया और करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
कैसे दिया गया ठगी को अंजाम?
ईडी की जांच में सामने आया है कि साइबर अपराधियों ने खुद को कानून प्रवर्तन एजेंसियों और न्यायपालिका का अधिकारी बताकर एस.पी. ओसवाल को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाया। इस तरह फर्जी अधिकारी बनकर आरोपियों ने उनसे 7 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की। जांच एजेंसी के अनुसार, ठगी की यह पूरी रकम शुरू में दो फर्मों—मेसर्स रिगियो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स फ्रोजनमैन वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स (Frozenman Warehousing and Logistics) के बैंक खातों में जमा कराई गई थी।
म्यूल अकाउंट्स के जरिए विदेश भेजी गई रकम
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों कंपनियों के खातों में पैसा आने के बाद, आरोपियों ने इसे एक व्यवस्थित तरीके से कई म्यूल (फर्जी या किराए के) बैंक खातों में ट्रांसफर किया। इसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए इस अवैध कमाई को विदेश भेज दिया गया, ताकि जांच एजेंसियां पैसे के मूल स्रोत और अंतिम लाभार्थियों तक आसानी से न पहुंच सकें।
क्या है जांच का आधार?
प्रवर्तन निदेशालय ने यह मनी लॉन्ड्रिंग जांच लुधियाना के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। यह एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई थी। ईडी अब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान करने में जुटी हुई है, ताकि दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।













