चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“RTI Activist Shot Dead Near University Gate “) पंजाब में उस समय सनसनी फैल गई जब चर्चित RTI कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात फगवाड़ा में एक निजी विश्वविद्यालय के लॉ गेट के पास हुई, जहां हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही सिमरनजीत सिंह मौके पर पहुंचे, हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से एक पिस्तौल, दो मोबाइल फोन और एक खोखा बरामद हुआ है। सामने आई तस्वीरों में सिमरनजीत सिंह के पास ये सामान पड़ा दिखाई दे रहा है। पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि सिमरनजीत सिंह को सुरक्षा के लिए गनमैन भी मिला हुआ था, लेकिन घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार सिमरनजीत सिंह किसी काम से फगवाड़ा आए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। अधिक खून बहने के कारण उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और इस घटना ने पूरे पंजाब को झकझोर कर रख दिया है।



















