Home Political अकाली दल (वारिस पंजाब दे) 15 सितंबर तक घोषित करेगा 50-60 उम्मीदवार

अकाली दल (वारिस पंजाब दे) 15 सितंबर तक घोषित करेगा 50-60 उम्मीदवार

मानसा। राजवीर दीक्षित

(Akali Dal (Waris Punjab De) to announce 50-60 candidates by September 15) आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अगले एक महीने के भीतर करीब 50 से 60 उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की तैयारी में है। यह जानकारी जेल में बंद खडूर साहिब सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह खालसा ने मंगलवार को मानसा जिले के भीखी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दी। तरसेम सिंह ने बताया कि उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। विधानसभा क्षेत्रों के जो प्रभारी पार्टी के तय मानदंडों पर खरे उतरेंगे और जमीनी स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे होंगे, उन्हें टिकट देने पर विचार किया जाएगा।

15 सितंबर तक सामने आएंगे 50-60 नाम

तरसेम सिंह ने कहा कि पार्टी इस महीने के दौरान या अधिकतम 15 सितंबर तक 50 से 60 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सक्रिय नेताओं को आगे लाने की दिशा में काम कर रही है।

अमृतपाल की सीट पर पार्टी लेगी फैसला

अमृतपाल सिंह के बठिंडा जिले की तलवंडी साबो विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर भी तरसेम सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमृतपाल सिंह को किस विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया जाएगा, इसका अंतिम फैसला पार्टी करेगी। उन्होंने फिलहाल किसी एक विधानसभा सीट पर अमृतपाल की उम्मीदवारी की पुष्टि नहीं की।

पंथिक एकता की अपील

तरसेम सिंह ने पंजाब के पुनरुत्थान के लिए पंथिक एकता को जरूरी बताया। उन्होंने विभिन्न नेताओं और संगठनों से मतभेदों को पीछे छोड़कर एक मंच पर आने की अपील की।उनका कहना था कि पंजाब से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए आपसी एकजुटता जरूरी है।

पूर्व विधायक सुखविंदर सिंह औलख पार्टी में शामिल

इस बीच मानसा के पूर्व विधायक सुखविंदर सिंह औलख मंगलवार को अकाली दल (वारिस पंजाब दे) में शामिल हो गए। औलख वर्ष 1997 में शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने पंजाब स्टेट सीड कॉरपोरेशन लिमिटेड (PUNSEED) के चेयरमैन के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। औलख के पार्टी में शामिल होने को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी अब उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी है।

Translate »
error: Content is protected !!