द टारगेट न्यूज़:
वारिस पंजाब दे के प्रमुख और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का अंतिम संस्कार फिलहाल रोक दिया गया है। 87 वर्षीय चरण कौर का लंबी बीमारी के बाद 8 नवंबर को निधन हो गया था। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि अंतिम संस्कार तब तक नहीं किया जाएगा जब तक कि अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम दर्शन और रस्मों में शामिल होने के लिए पैरोल नहीं मिल जाती। वर्तमान में अमृतपाल सिंह असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। इस निर्णय की पुष्टि करते हुए डाखा के विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने बताया कि यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। अयाली ने केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ न्यायपालिका से भी अपील की है कि वे अमृतपाल को मानवीय आधार पर पैरोल प्रदान करें। अयाली ने इस स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक निर्वाचित सांसद को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने से रोकना उचित नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि जब गंभीर आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे डेरा प्रमुखों को बार-बार पैरोल और फरलो दी जा सकती है, तो एक जन-प्रतिनिधि को इस महत्वपूर्ण पारिवारिक अवसर के लिए अनुमति देने में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए।













