द टारगेट न्यूज़:
दीपावली के बाद दिल्ली, पंजाब और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के खतरनाक स्तर पर पहुंचने के कारण उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला का रुख कर रहे हैं। लोग जहरीली हवा से बचने के लिए बड़ी संख्या में पहाड़ों की ओर पलायन कर रहे हैं। शिमला के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे द रिज, द मॉल, जाखू, कुफरी और नालदेहरा में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। हालांकि दीपावली के बाद शिमला की हवा में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन यहां का AQI 66 के आसपास बना हुआ है, जो पड़ोसी राज्यों की तुलना में काफी बेहतर और संतोषजनक है। दिल्ली से आए पर्यटक कुलभूषण गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में AQI 450 के स्तर को पार कर गया था, जिसके बाद उन्होंने परिवार के साथ शिमला आने का फैसला किया। इसी तरह राजस्थान के कोटपूतली से आई अपूर्वा शेखावत ने भी एनसीआर के प्रदूषण से राहत मिलने पर खुशी जताई। शिमला में केवल पड़ोसी राज्यों से ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल, झारखंड, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों से भी पर्यटक पहुंच रहे हैं। इस पर्यटन सीजन के कारण स्थानीय होटल व्यवसायियों में काफी उत्साह है। वर्तमान में शिमला के होटलों में कार्यदिवसों के दौरान भी 40 से 50 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है। पर्यटन से जुड़े हितधारक उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।













