Home Crime मिठाई दुकान पर फिर गोलीकांड, 4 फायर से दहशत

मिठाई दुकान पर फिर गोलीकांड, 4 फायर से दहशत

तरनतारन। राजवीर दीक्षित

(Another shooting at a sweet shop; panic caused by four rounds fired) तरनतारन के पट्टी शहर में बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। बाजार में स्थित मशहूर ‘शांति की हट्टी’ मिठाई की दुकान को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने देर रात निशाना बनाया। हमलावरों ने दुकान के शटर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। शटर पर चार गोलियों के निशान मिले हैं।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि कुछ ही दिनों के भीतर इसी दुकान पर दूसरी बार फायरिंग हुई है। लगातार हो रही वारदातों से दुकानदारों में डर का माहौल है और पुलिस की गश्त व सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

रात 11 बजे गोलियों से गूंजा बाजार

जानकारी के अनुसार, वारदात देर रात करीब 11 बजे हुई। बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावर दुकान के बाहर पहुंचे और शटर को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से आसपास का इलाका दहल उठा।

वारदात के समय दुकान बंद थी, जिसके चलते किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।

दूसरी बार निशाना बनी दुकान

बताया जा रहा है कि 11 सितंबर 2026 को भी इसी दुकान पर फायरिंग हुई थी। उस घटना के कुछ ही समय बाद दोबारा गोलीबारी होने से दुकानदार और आसपास के कारोबारी सहमे हुए हैं।

लगातार दूसरी वारदात ने पुलिस के सामने भी चुनौती खड़ी कर दी है कि आखिर दुकान को बार-बार निशाना बनाने के पीछे क्या वजह है और हमलावर कौन हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी पट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस के मुताबिक, मौके से गोलियों के निशान और कुछ खोखे बरामद किए गए हैं।

दुकानदार खौफ में, पुलिस का दावा- जल्द पकड़ेंगे आरोपी

थाना सिटी पट्टी प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि डर के कारण दुकानदार ने अभी औपचारिक बयान दर्ज नहीं कराया है, लेकिन पुलिस ने अपनी ओर से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है और CCTV व अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने आरोपियों को जल्द ट्रेस कर गिरफ्तार करने का दावा किया है।

कुछ ही दिनों में एक ही दुकान पर दूसरी फायरिंग ने पट्टी के बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Translate »
error: Content is protected !!