अमृतसर। राजवीर दीक्षित
(ASI shot dead in Punjab; TTH claims responsibility) पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी पर तैनात ASI हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना गेट हकीमां के तहत तैनात हरजीत सिंह शुक्रवार तड़के करीब 2:30 से 3 बजे के बीच दाना मंडी/भगतांवाला इलाके में मोटरसाइकिल से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से हरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
नजदीक से मारी गई गोली
DGP गौरव यादव के मुताबिक शुरुआती जांच में ASI को क्लोज रेंज से 30 बोर की पिस्टल से गोली मारे जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल से 30 बोर का खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है।
TTH ने ली जिम्मेदारी, पुलिस की पुष्टि बाकी
हमले के बाद तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) नाम के संगठन ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुलिस पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। इसी नाम के संगठन ने इससे पहले अजनाला में ASI जसवंत सिंह पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का भी दावा किया था।
CM मान ने 1 करोड़ की सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ASI हरजीत सिंह की मौत पर दुख जताते हुए उनके परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की एक्स-ग्रेशिया सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा HDFC बैंक की ओर से परिवार को 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
CCTV से हमलावरों की तलाश
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज की जांच कर रही है। हमलावर किस रास्ते से आए और वारदात के बाद कहां फरार हुए, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान जांच का विषय है।



















