Home Una News कुश्ती में बारिका का गोल्डन दांव, राज्य चैंपियन बनीं

कुश्ती में बारिका का गोल्डन दांव, राज्य चैंपियन बनीं

ऊना। राजवीर दीक्षित 
(Barika’s golden move in wrestling; becomes state champion) कुल्लू जिले के भुंतर में आयोजित अंडर-14 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल की खिलाड़ी बारिका ने स्वर्ण पदक जीतकर जिला ऊना का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में ऊना जिले की ओर से गोल्ड मेडल जीतने वाली वह एकमात्र खिलाड़ी रहीं। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है।

बारिका ने कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण के दम पर यह सफलता हासिल की। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का एक बार फिर लोहा मनवाया।

राष्ट्रीय स्तर पर भी रच चुकी हैं इतिहास

बारिका को पिछले वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने और हिमाचल प्रदेश की पहली अंडर-14 राष्ट्रीय पदक विजेता महिला पहलवान बनने की उपलब्धि के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया था। अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और कामयाबी जोड़ ली है। उनकी सफलता प्रदेश की अन्य युवा महिला पहलवानों के लिए प्रेरणा बनी है।

स्कूल प्रबंधन ने थपथपाई पीठ

स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने बारिका को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व की बात है। बारिका ने मेहनत, प्रतिभा और निरंतर अभ्यास से साबित किया है कि दृढ़ संकल्प के साथ बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

धीरज शर्मा ने कहा कि स्कूल विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के अवसर देता है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बारिका भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिला ऊना और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

Translate »
error: Content is protected !!