Home Business 7 रुपये ने बदल दी शख्स की किस्मत, कुछ ही घंटों में...

7 रुपये ने बदल दी शख्स की किस्मत, कुछ ही घंटों में बन गया लखपति

द टारगेट वेब डेस्क

(“A ₹7 Ticket Changed a Man’s Fortune – He Became a Lakhpati Within Hours “) पंजाब के जलालाबाद से किस्मत बदल देने वाली एक दिलचस्प खबर सामने आई है। यहां सिर्फ 7 रुपये की लॉटरी टिकट ने एक व्यक्ति को कुछ ही घंटों में 5 लाख रुपये का मालिक बना दिया। पहली बार लॉटरी खरीदने वाले लक्ष्मण परजापति ने 5 लाख रुपये का इनाम जीतकर सभी को हैरान कर दिया।
लक्ष्मण परजापति ने बताया कि उन्होंने इससे पहले कभी लॉटरी नहीं खरीदी थी। उनके करीबी दोस्त जस्सा सिंह पिछले कई दिनों से उन्हें किस्मत आजमाने के लिए लॉटरी टिकट खरीदने की सलाह दे रहे थे। आखिरकार उन्होंने 7 रुपये की एक टिकट खरीदी। कुछ ही समय बाद उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी टिकट पर 5 लाख रुपये का इनाम निकला है।

पहले तो उन्हें इस बात पर विश्वास ही नहीं हुआ, लेकिन जब उन्होंने परिणाम की पुष्टि की तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इनाम जीतने के बाद लॉटरी स्टॉल पर उनका मुंह मीठा करवाया गया और परिवार व दोस्तों ने उन्हें बधाई दी।

लक्ष्मण ने बताया कि वह इस इनामी राशि का उपयोग अपने बच्चों के बेहतर भविष्य और अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में करेंगे।
वहीं, लॉटरी स्टॉल के मालिक जस्सा सिंह ने बताया कि उनका स्टॉल खुले अभी एक सप्ताह भी नहीं हुआ है, लेकिन इस दौरान उनके स्टॉल से करीब 8 लाख रुपये के विभिन्न इनाम निकल चुके हैं। इनमें 5 लाख रुपये का बड़ा इनाम, 50 हजार रुपये का पुरस्कार और कई अन्य छोटे-छोटे इनाम भी शामिल हैं।

दिलचस्प बात यह है कि जस्सा सिंह खुद भी पिछले साल 7 रुपये की लॉटरी टिकट से 1 करोड़ रुपये का इनाम जीत चुके हैं। अब जलालाबाद की यह कहानी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां महज 7 रुपये की टिकट ने एक आम आदमी की किस्मत बदल दी।

Translate »
error: Content is protected !!