शिमला। राजवीर दीक्षित
(A briefcase turned up at the BJP protest, and then…) हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी विधायकों ने अटैची लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में विपक्ष ने सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और ‘अटैची वाला मुख्यमंत्री किसने देखा, हमने देखा’ के नारे लगाए।
बीजेपी ने यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता एवं पूर्व सीपीएस नीरज भारती की ओर से अटैची को लेकर लगाए गए आरोपों को आधार बनाकर किया। भारती ने बिना किसी का नाम लिए दावा किया था कि दो अटैचियां रखी जाती हैं और तीन दिल्ली भेजी जाती हैं। बीजेपी ने इसी बयान को मुद्दा बनाते हुए सरकार पर निशाना साधा।
जयराम ठाकुर बोले- भ्रष्टाचार के रेट तय
प्रदर्शन के दौरान जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज को लेकर लोगों के बीच लगातार सवाल उठ रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सरकारी कामों में कथित तौर पर पहले से तय व्यवस्था के तहत कमीशन और जिम्मेदारियां बांटी जा रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की खरीद, टेंडर और आउटसोर्स एजेंसियों को लेकर भी सवाल उठाए।
वंदे मातरम पर सदन में हंगामा
विधानसभा के बाहर प्रदर्शन के बाद सदन के भीतर भी ‘वंदे मातरम’ को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। विपक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष से सदन में वंदे मातरम के गायन को लेकर व्यवस्था स्पष्ट करने की मांग की।
मांग पर तत्काल सहमति नहीं बनने के बाद बीजेपी विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और इसके बाद विपक्षी विधायक सदन से वॉकआउट कर गए।
पहले दिन से जारी है राष्ट्रगीत को लेकर विवाद
विवाद मानसून सत्र के पहले दिन से ही चला आ रहा है। पहले दिन सदन की कार्यवाही राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई, लेकिन इसके बाद वंदे मातरम का गायन नहीं होने पर विपक्ष ने सवाल उठाए थे।
स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने इस पर कहा था कि हिमाचल विधानसभा में सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान और समापन के अवसर पर राष्ट्रगीत गाने की परंपरा रही है। वहीं, बीजेपी का तर्क है कि सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के गायन को लेकर केंद्र के प्रावधानों का पालन होना चाहिए।
सत्ता पक्ष ने भी बीजेपी पर लगाए आरोप
वंदे मातरम को लेकर हुए विवाद के बीच कांग्रेस विधायकों ने बीजेपी पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री की अगुवाई में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर धरना भी दिया।
वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए विधानसभा में उस वीडियो क्लिप को दिखाने की मांग की, जिसके आधार पर विपक्ष पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया जा रहा है।
भ्रष्टाचार और राष्ट्रगीत के मुद्दे पर आमने-सामने
विधानसभा के मौजूदा सत्र में अब भ्रष्टाचार के आरोप और राष्ट्रगीत को लेकर विवाद प्रमुख मुद्दे बन गए हैं। बीजेपी जहां अटैची प्रकरण को लेकर सरकार पर हमलावर है, वहीं कांग्रेस विपक्ष पर सदन की गरिमा और राष्ट्रगान के सम्मान से जुड़े सवाल उठा रही है। दोनों पक्षों के बीच गतिरोध के चलते विधानसभा की कार्यवाही भी प्रभावित हुई है।



















