सिरमौर । राजवीर दीक्षित
सिरमौर जिले से दुखद खबर सामने आई है। नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से दो बच्चे पानी में डूब गए, जबकि तीन बच्चों को स्थानीय लोगों और पुरुवाला पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पांवटा साहिब के जंबुखाला में रविवार शाम दर्दनाक हादसा सामने आया। निहालगढ़ इलाके से नहाने पहुंचे पांच बच्चों में से एक गहरे पानी में डूबने लगा। साथी को बचाने की कोशिश में दूसरा बच्चा भी हादसे का शिकार हो गया।
सूचना मिलते ही पुरुवाला पुलिस हरकत में आई और टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से रोहित (9), सिद्धार्थ (9) और अंकुर (8) को बचा लिया गया। तीनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
जंबूखाला में नहाने गए बच्चों के लिए रविवार की शाम काल बन गई। हादसे में दो मासूमों ने अपनी जान गंवा दी। मृतकों में गाजीपुर के अनवर का 9 वर्षीय बेटा जाबिर और समस्तीपुर के सिकंदर का 8 वर्षीय बेटा सत्यम शामिल है। दोनों परिवार फिलहाल निहालगढ़ गांव में रह रहे थे।
घटना के बाद पांवटा DSP मानवेंद्र सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे। अंधेरा होने के बावजूद बचाव दल ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से टॉर्च की रोशनी में पानी के भीतर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की।
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गहरे कुंड से दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए। दोनों को तुरंत पोंटा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पोंटा साहिब में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले किए जाएंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



















