फतेहगढ़ साहिब । राजवीर दीक्षित
(Cylinder Blast Sparks Fire in Gurdwara Langar Hall, Fatehgarh Sahib) फतेहगढ़ साहिब से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां गुरुद्वारा श्री हंसाली साहिब के लंगर हॉल में सिलेंडर फटने से अचानक भीषण आग लग गई। घटना उस समय हुई जब गुरुद्वारा साहिब में स्वर्गवासी ब्रह्म ज्ञानी संत बाबा अजीत सिंह हंसाली वालों के जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक समागम चल रहे थे। हादसे के बाद लंगर हॉल में कुछ ही समय में धुआं फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, लंगर हॉल में भट्ठियों और सिलेंडरों की पाइपलाइन के पास आग लगने के बाद एक सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। आग तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि धार्मिक कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का इंतजाम कर रखा था।
आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाल लिया। सरहिंद फायर ब्रिगेड के ड्राइवर चरणजीत सिंह ने बताया कि प्रशासन की हिदायतों के अनुसार धार्मिक समागम को देखते हुए फायर ब्रिगेड की व्यवस्था पहले से की गई थी। इसी वजह से आग पर समय रहते काबू पाया जा सका।
चरणजीत सिंह के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह लंगर हॉल में भट्ठियों और सिलेंडरों की पाइप से जुड़ी बताई जा रही है। आग के दौरान एक सिलेंडर में जोरदार धमाका भी हुआ। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक गाड़ी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी और प्रशासन की पहले से की गई तैयारी के चलते बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई और न ही किसी के घायल होने की खबर सामने आई है। धार्मिक समागम में मौजूद संगत और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद लंगर हॉल में सुरक्षा व्यवस्था और गैस सिलेंडर की पाइपलाइन की जांच को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



















