Home Breaking News सवारियों को लेकर विवाद, मिनी बस चालकों ने लगाया हाईवे जाम; यात्रियों...

सवारियों को लेकर विवाद, मिनी बस चालकों ने लगाया हाईवे जाम; यात्रियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Mini Bus Drivers Block Ludhiana-Ferozepur Highway Over Passenger Dispute “) लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र में गुरुवार को मिनी बस चालकों ने सवारियां उठाने को लेकर चल रहे विवाद के विरोध में लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। बस चालकों का आरोप है कि गांवों में बिना परमिट ऑटो चालक सवारियां ढो रहे हैं, जिससे उन्हें रोजाना लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वे सरकार से परमिट लेकर और रोड टैक्स भरकर बसें चला रहे हैं, लेकिन प्रशासन अवैध रूप से चल रहे ऑटो पर कार्रवाई नहीं कर रहा।

हाईवे पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सबसे अधिक परेशानी स्कूल से लौट रहे बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को हुई। तेज धूप के बीच कई लोगों को घंटों सड़क पर इंतजार करना पड़ा, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।

प्रदर्शन कर रहे बस चालकों ने चेतावनी दी कि जब तक गांवों में बिना परमिट ऑटो संचालन पर रोक नहीं लगाई जाती, तब तक वे बस सेवा प्रभावित कर सकते हैं। उनका कहना है कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद प्रदर्शनकारियों ने मानवीय आधार पर केवल स्कूल बसों को निकलने की अनुमति दी, जबकि अन्य वाहनों को इंतजार करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी मिनी बस और ऑटो चालकों के बीच सवारियां उठाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि गुस्से में एक बस चालक ने ऑटो के तीन टायर पंचर कर दिए थे। मामला पुलिस और एसडीएम तक पहुंचा, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका। अब इस विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन के सामने परिवहन व्यवस्था और अवैध संचालन पर कार्रवाई को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

Translate »
error: Content is protected !!