Home Chandigarh बंद घर के बाथरूम से मिली लाश, पत्नी-बच्चे ताला लगाकर हुए गायब!

बंद घर के बाथरूम से मिली लाश, पत्नी-बच्चे ताला लगाकर हुए गायब!

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Dead Body Mystery”) पंजाब के जालंधर शहर से एक बेहद चौंकाने वाला और रहस्यमयी मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शहर की शेर सिंह कॉलोनी स्थित एक दो मंजिला मकान के बंद कमरे से एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। हैरानी की बात यह है कि शव बाथरूम के अंदर कार के मैट में लिपटा हुआ मिला, जबकि मृतक की पत्नी और बच्चे करीब 3-4 दिन पहले घर को बाहर से ताला लगाकर कहीं चले गए थे।

जानकारी के अनुसार, मकान में दो किरायेदार परिवार रहते थे। नीचे मकान मालिक और ऊपर दो किरायेदार परिवार रहते थे। पिछले तीन दिनों से एक कमरे पर ताला लगा हुआ था। गुरुवार रात दूसरे किरायेदारों को घर के अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी। पहले उन्होंने बदबू का कारण तलाशने की कोशिश की और पूरे घर में सफाई भी की, लेकिन बदबू लगातार बढ़ती गई। इसके बाद उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बस्ती बाबा खेल थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बंद कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। जांच के दौरान बाथरूम में कार के मैट में लिपटा शव बरामद हुआ। शव की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस परिवार ने यह कमरा किराए पर लिया था, वह बिना किसी सूचना के 3-4 दिन पहले घर छोड़कर चला गया था। पुलिस अब मकान मालिक, प्रॉपर्टी डीलर और संबंधित किरायेदारों से पूछताछ कर रही है।

एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में डर और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हत्या है, आत्महत्या है या फिर किसी बड़े अपराध को छिपाने की कोशिश।

Translate »
error: Content is protected !!