Home Chandigarh होटल में बिजनेसमैन की मौत, युवती से पूछताछ

होटल में बिजनेसमैन की मौत, युवती से पूछताछ

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित 

(Businessman dies in hotel; young woman questioned) सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में बुधवार सुबह एक कारोबारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी 56 वर्षीय दीपक मित्तल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह दो दिन पहले होटल में ठहरे थे। मामले में रात के समय होटल पहुंची एक युवती से पूछताछ की जा रही है।

सुबह कमरे में बेसुध मिले कारोबारी

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे होटल का वेटर कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर दीपक मित्तल बिस्तर पर बेसुध पड़े थे। होटल कर्मचारियों ने मैनेजर को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

कमरे से शराब और दवाइयां बरामद

पुलिस के मुताबिक, होटल के कमरे से शराब और कुछ दवाइयां मिली हैं। शुरुआती तौर पर अत्यधिक शराब के सेवन से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

थाना सेक्टर-17 के एसएचओ सुदेश कुमार के अनुसार, दीपक मित्तल को उनका ड्राइवर होटल छोड़कर गया था। रात में कमरे में आई युवती से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, युवती की भूमिका को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

मार्कफेड की बैठक में शामिल होने आए थे चंडीगढ़

बताया जा रहा है कि दीपक मित्तल पंजाब सरकार की राशन किट से जुड़े बड़े ठेकेदार थे और उनकी राइस मिलें भी थीं। वह चंडीगढ़ में मार्कफेड की एक अहम बैठक में हिस्सा लेने आए थे।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मौत की वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही साफ होगी।

Translate »
error: Content is protected !!