चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Now You Can Work in Canada Even Without a Work Permit! Great News for Punjabis”) अब कनाडा में कुछ खास श्रेणियों के लोगों को वर्क परमिट के बिना भी काम करने की अनुमति मिल सकती है। हालांकि अधिकांश विदेशी नागरिकों को कनाडा में नौकरी करने के लिए वर्क परमिट की आवश्यकता होती है, लेकिन कनाडाई इमिग्रेशन नियमों के तहत कुछ विशेष वर्गों को इस शर्त से छूट दी गई है।
सबसे पहले आते हैं बिजनेस विजिटर। यदि कोई व्यक्ति व्यापारिक गतिविधियों, मीटिंग्स, प्रदर्शनी या कारोबारी कार्यक्रमों के लिए कनाडा जाता है और कनाडाई श्रम बाजार का हिस्सा नहीं बनता, तो उसे वर्क परमिट की जरूरत नहीं होती। उसकी सैलरी कनाडा के बाहर से आनी चाहिए और वह किसी कनाडाई कंपनी का कर्मचारी नहीं होना चाहिए।
दूसरी श्रेणी है डिजिटल नोमैड और रिमोट वर्कर्स। यदि कोई व्यक्ति कनाडा में रहकर किसी विदेशी कंपनी के लिए ऑनलाइन काम करता है, तो वह बिना वर्क परमिट के काम कर सकता है। शर्त यह है कि कंपनी का कनाडा में कोई संचालन या वित्तीय संबंध न हो और व्यक्ति कनाडाई ग्राहकों को सेवाएं न दे रहा हो। सॉफ्टवेयर डेवलपर, डिजिटल मार्केटिंग एक्सपर्ट और ऑनलाइन ट्यूटर जैसे पेशेवर इस श्रेणी में आते हैं।
तीसरी श्रेणी में अंतरराष्ट्रीय छात्र शामिल हैं। कनाडा में पढ़ाई कर रहे छात्र, यदि उनके स्टडी परमिट में अनुमति हो, तो अलग वर्क परमिट के बिना काम कर सकते हैं। वे कैंपस के भीतर असीमित घंटे और कैंपस के बाहर पढ़ाई के दौरान प्रति सप्ताह 24 घंटे तक काम कर सकते हैं।
इसके अलावा कुछ परिस्थितियों में विदेशी राजनयिक, पत्रकार, खिलाड़ी, धार्मिक कार्यकर्ता और गेस्ट स्पीकर भी बिना वर्क परमिट के काम कर सकते हैं।



















