रूपनगर । राजवीर दीक्षित
(“Canada Fraud Case”) पंजाब के रूपनगर जिले से एक बड़ा धोखाधड़ी मामला सामने आया है, जहां कनाडा भेजने का सपना दिखाकर एक परिवार से लाखों रुपये ठग लिए गए। श्री चमकौर साहिब पुलिस ने ट्रैवल एजेंट गौरव शर्मा और उसकी बहन रितु जोशी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने युवक को विदेश भेजने के नाम पर करीब 15 लाख रुपये ऐंठ लिए, लेकिन न तो वीजा लगवाया और न ही उसे कनाडा भेजा।
जानकारी के मुताबिक, गांव झलियां कला निवासी हरप्रीत सिंह ने अपने बेटे प्रगत सिंह को कनाडा भेजने के लिए अंबाला के ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया था। दोनों पक्षों के बीच 23 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता ने अलग-अलग किश्तों में 15 लाख रुपये दिए, जिनमें 10 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर और 5 लाख नकद शामिल थे। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी युवक को विदेश नहीं भेजा गया।
जब परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे तो मामला और उलझ गया। आरोपियों ने समझौते के तहत 8 लाख रुपये लौटाने की बात कही और सात चेक दिए। हालांकि, 1 लाख रुपये का पहला चेक ही बैंक में बाउंस हो गया। बताया गया कि आरोपी का खाता ब्लॉक होने के कारण चेक क्लियर नहीं हो सका। इसके बाद बाकी रकम लौटाने में भी आनाकानी शुरू हो गई।
डीएसपी जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अब दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और अगर किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर विदेश भेजने के नाम पर चल रहे फर्जी ट्रैवल एजेंट रैकेट पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।



















