Home Chandigarh रेंटल हाउस से मिला नवजात का शव, पंजाब की बेटी पर गंभीर...

रेंटल हाउस से मिला नवजात का शव, पंजाब की बेटी पर गंभीर आरोप

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Canada Shocker”) कनाडा के ब्रैम्पटन शहर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने वहां रह रहे भारतीय और खासकर पंजाबी समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। एक किराए की संपत्ति से नवजात बच्चे का शव मिलने के बाद पुलिस ने 23 वर्षीय पंजाबी युवती सिमरन कौर को गिरफ्तार कर लिया है। युवती पर बच्चे के जन्म को छिपाने और शव को ठिकाने लगाने से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 31 मई की रात ब्रैम्पटन के हैनसन रोड स्थित एक रेंटल प्रॉपर्टी से मेडिकल इमरजेंसी कॉल मिलने के बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। वहां नवजात बच्चे का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान पता चला कि बच्चे को जन्म देने वाली युवती सिमरन कौर इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंची हुई थी। पुलिस ने अस्पताल में ही उसे हिरासत में ले लिया।
फिलहाल सिमरन कौर डॉक्टरों की निगरानी में है और मामले की सुनवाई तक पुलिस हिरासत में रहेगी। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बच्चा जन्म के समय जीवित था या मृत पैदा हुआ था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

मौत की असली वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पड़ोसियों के मुताबिक, यह एक साझा किराए की संपत्ति थी, जहां कई लोग रहते थे और किसी को भी युवती के गर्भवती होने की जानकारी नहीं थी।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नोवा स्कोटिया में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने कनाडा में रह रहे प्रवासी युवाओं की सामाजिक और मानसिक परिस्थितियों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की जांच जारी है।

Translate »
error: Content is protected !!