Home Chandigarh अब कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी रोक! वेतन रोकने के बाद जारी...

अब कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी रोक! वेतन रोकने के बाद जारी हुआ नया फरमान

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Now Restrictions on Employees’ Leave Too! New Order Issued After Salaries Were Withheld”) जनगणना ड्यूटी में लगे कर्मचारियों पर प्रशासन की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। पहले ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस केस दर्ज करवाने और वेतन रोकने जैसी कार्रवाई की गई थी, वहीं अब एक नया आदेश जारी कर दिया गया है। नए निर्देशों के अनुसार जनगणना कार्य में तैनात कर्मचारियों को छुट्टी वाले दिनों में भी स्टेशन लीव की अनुमति नहीं मिलेगी।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना का कार्य हर हाल में 13 जून तक पूरा किया जाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे छुट्टी के दिन भी अपने कार्यस्थल या स्टेशन को छोड़ने से पहले संबंधित अधिकारियों से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्राप्त करें। यह नियम उन कर्मचारियों पर भी लागू होगा जिनकी छुट्टियां पहले से स्वीकृत हैं या जिन्होंने विदेश यात्रा के लिए आवेदन कर रखा है।

इस आदेश की प्रतियां जिला प्रशासन, जिला शिक्षा अधिकारी और उन सभी विभागों के प्रमुखों को भेजी गई हैं, जिनके कर्मचारी जनगणना कार्य में लगे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

इसी बीच शहर में एक और महत्वपूर्ण जनगणना की शुरुआत हो गई है। नगर निगम ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के तहत शहर में पेड़ों की गणना कराने का फैसला किया है। अवैध रूप से पेड़ों की कटाई के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पेड़ों की गिनती का कार्य एक निजी कंपनी को सौंपा गया है और इस संबंध में पंजाब ट्री प्रोटेक्शन एक्ट के तहत सार्वजनिक नोटिस भी जारी किया गया है।

अब देखना होगा कि प्रशासन की इस सख्ती से जनगणना कार्य कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से पूरा हो पाता है।

 

Translate »
error: Content is protected !!