द टारगेट न्यूज़:
चंडीगढ़ के सेक्टर 38-ए के रहने वाले एक 80 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक को सोशल मीडिया पर जीवनभर पेंशन देने वाली फर्जी योजना के नाम पर साइबर ठगों ने 11.67 लाख रुपये का चूना लगा दिया। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित मधुकर कुमार चड्ढा ने सोशल मीडिया पर आजीवन पेंशन योजना का विज्ञापन देखकर आरोपियों से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान ठगों ने उन्हें एक दुर्भावनापूर्ण एपीके (APK) फाइल का लिंक भेजा। जैसे ही उन्होंने उस फाइल को खोला, आरोपियों ने उनके डिवाइस का एक्सेस हासिल कर लिया और उनके बैंक खाते से 11,67,501 रुपये निकाल लिए। साइबर अपराध पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी अनजान स्रोत से मिले लिंक पर क्लिक करने या फाइल इंस्टॉल करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।













