द टारगेट न्यूज़:
मणिमाजरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 43वीं जूनियर राज्य सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के अंतिम दिन महादेव क्लब ने बालक और बालिका दोनों वर्ग के खिताब अपने नाम किए। बालिकाओं के फाइनल मुकाबले में महादेव क्लब ने सेक्रेड हार्ट स्कूल, सेक्टर 26 को एकतरफा 09-00 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इसी वर्ग में मिशन क्लब ने स्ट्राइकर क्लब को 12-02 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले लीग चरण के मुकाबलों में महादेव क्लब ने श्री गुरु हरकृष्ण मॉडल स्कूल, सेक्टर 38 को 10-00 से और एनएफसी के खिलाफ भी 10-00 से समान अंतर से जीत दर्ज की। अपने तीसरे लीग मैच में महादेव क्लब ने मिशन क्लब को 11-02 से हराया था। बालकों के वर्ग के फाइनल मुकाबले में महादेव क्लब ने मणिमाजरा स्पोर्ट्स क्लब को 07-00 से करारी शिकस्त दी। बालकों के वर्ग में स्ट्राइकर क्लब ने एनएफसी पर 05-04 से बेहद करीबी जीत दर्ज कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। सेमीफाइनल मुकाबलों में महादेव क्लब ने एनएफसी को 03-00 से और मणिमाजरा स्पोर्ट्स क्लब ने स्ट्राइकर क्लब को 13-01 से हराया था। लीग चरण के अन्य मैचों में फ्रेंड्स क्लब ने मिशन क्लब को 03-00 से, मणिमाजरा स्पोर्ट्स क्लब ने सेक्टर 38 स्कूल को 10-00 से और स्ट्राइकर क्लब ने फ्रेंड्स क्लब को 01-00 से मात दी। प्रतियोगिता के समापन पर चंडीगढ़ सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मपाल ने सभी विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए।


















