Home Farmers मानहानि केस; वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश हुईं कंगना

मानहानि केस; वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश हुईं कंगना

बठिंडा। राजवीर दीक्षित

(Defamation case: Kangana appeared via video conferencing) बठिंडा की अदालत में सोमवार को बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ चल रहे आपराधिक मानहानि मामले में अभियोजन पक्ष के गवाह से जिरह हुई। कंगना रनौत अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुईं।

मामला पंजाब की बुजुर्ग किसान महिला महिंदर कौर से जुड़ा है। अभियोजन पक्ष के गवाह गुरप्रीत सिंह, जो शिकायतकर्ता के रिश्तेदार हैं, से बचाव पक्ष ने जिरह की।

अब तक 3 गवाहों के बयान दर्ज

शिकायतकर्ता के वकील आरएस बेनीवाल के मुताबिक, मामले में अब तक अभियोजन पक्ष के तीन गवाहों से पूछताछ हो चुकी है। अब शिकायतकर्ता महिंदर कौर से जिरह की जानी है।

अगली सुनवाई 15 सितंबर को निर्धारित की गई है। हालांकि, शिकायतकर्ता की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उस दिन उनकी अदालत में मौजूदगी पर फैसला निर्भर करेगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश हुईं कंगना

कंगना रनौत सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत की कार्यवाही में शामिल हुईं। वहीं, उनके पासपोर्ट को सरेंडर कराने की मांग वाली अर्जी पर सोमवार को बहस नहीं हो सकी। इस अर्जी पर सुनवाई अभी बाकी है।

2020 के ट्वीट से शुरू हुआ विवाद

यह मानहानि मामला कंगना के 2020 में किए गए एक ट्वीट से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, ट्वीट में उन्होंने महिंदर कौर को शाहीन बाग आंदोलन से जुड़ीं बिल्किस बानो समझ लिया था और प्रदर्शन में शामिल होने वाली महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

इसके बाद महिंदर कौर ने जनवरी 2021 में कंगना रनौत के खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत अदालत में दाखिल की थी।

15 सितंबर को अगली सुनवाई

अब अदालत में मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी। इस दौरान शिकायतकर्ता से जिरह की प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है। साथ ही कंगना के पासपोर्ट से संबंधित अर्जी पर भी अदालत में बहस होनी बाकी है।

Translate »
error: Content is protected !!