ऊना। राजवीर दीक्षित।
(Fierce hockey action at Indira Stadium; HPU tournament kicks off) राजकीय महाविद्यालय ऊना के आतिथ्य में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता का बुधवार को इंदिरा स्टेडियम में शानदार आगाज हुआ। पुरुष एवं महिला वर्ग की यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 7 से 9 अक्तूबर तक चलेगी। उद्घाटन समारोह में ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ (IPS) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि का प्रवेश द्वार पर पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद विशिष्ट अतिथियों, टीम प्रभारियों, प्रशिक्षकों और महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।
खेल अनुशासन और धैर्य सिखाते हैं : सचिन हीरेमठ
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने मुख्य अतिथि, सभी टीमों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक मजबूती, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एसपी सचिन हीरेमठ ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अपने खेल अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति में धैर्य, अनुशासन और समय प्रबंधन जैसे गुण विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से अधिक खेल भावना, अनुशासन और निरंतर मेहनत को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
पहले दिन ही दिखा हॉकी का रोमांच
उद्घाटन के बाद मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में एसवीजीसी घुमारवीं ने पीजी सेंटर शिमला को 3-0 से हराया। महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय सोलन ने पीजी सेंटर शिमला को 4-0 से मात दी।
वहीं पुरुष वर्ग के एक अन्य मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय सोलन ने राजकीय महाविद्यालय चंबा को 2-0 से पराजित किया।
प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों की पुरुष और महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। तीन दिनों तक इंदिरा स्टेडियम में हॉकी के रोमांचक मुकाबले जारी रहेंगे और खिलाड़ी अगले चरण में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे।


















