Home Punjab पंजाब के एक गुरुद्वारे पर फायरिंग! मुखी को जान से मारने की...

पंजाब के एक गुरुद्वारे पर फायरिंग! मुखी को जान से मारने की धमकी

लुधियाना। राजवीर दीक्षित 

 

(Firing at a Gurudwara in Punjab! Head of the Gurudwara receives death threats) लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र के गांव गगड़ा में गुरुद्वारा साहिब भगत धन्ना जी के गेट पर फायरिंग का मामला सामने आया है। सोमवार देर रात एक नकाबपोश युवक ने कथित तौर पर दो राउंड गोलियां चलाईं और धमकी भरी चिट्ठी फेंककर फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने के बाद लुधियाना देहात पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पहले चिट्ठी फेंकी, फिर चलाईं गोलियां

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, युवक पहले गुरुद्वारे के गेट के अंदर एक चिट्ठी फेंकता है। इसके बाद वह इधर-उधर देखकर पिस्तौल निकालता है। फुटेज में वह हथियार को संभालता और जांचता भी दिखाई देता है। इसके बाद वह गेट पर दो राउंड फायर करके मौके से भाग जाता है।

गुरुद्वारा मुखी और अकाली कार्यकर्ता को धमकी

अकाली दल बादल के कार्यकर्ता गुरिंदर सिंह रूमी के अनुसार, उन्होंने सोमवार रात करीब 12 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। चिट्ठी में गुरुद्वारा साहिब के मुखी बाबा अमरजीत सिंह और गुरिंदर सिंह रूमी को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप है। इसमें जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज के खिलाफ भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

चिट्ठी में कथित तौर पर आरोप लगाया गया कि गुरुद्वारे में अकाली दल बादल और भाजपा से जुड़े लोगों के आने पर उन्हें सिरोपा भेंट किया जाता है। इसी विवाद को धमकी की वजह बताया गया है। चिट्ठी में दोनों को चुनाव से पहले मारने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

लुधियाना देहात पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावर की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

फिलहाल फायरिंग करने वाले की पहचान और घटना के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।

Translate »
error: Content is protected !!