द टारगेट वेब डेस्क
(“India Approves First Dengue Vaccine ‘Qdenga’ for People Aged 4 to 60 Years “) भारत में डेंगू की रोकथाम की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। जापान की प्रमुख बायोफार्मास्यूटिकल कंपनी टाकेडा (Takeda) की भारतीय इकाई टाकेडा बायोफार्मास्यूटिकल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) से डेंगू वैक्सीन ‘क्यूडेंगा (Qdenga)’ की मार्केटिंग की मंजूरी मिल गई है। यह भारत में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वीकृत होने वाला पहला वैक्सीन बन गया है।
कंपनी के अनुसार, इस वैक्सीन का इस्तेमाल 4 से 60 वर्ष की आयु के लोगों में डेंगू संक्रमण से बचाव के लिए किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि यह टीका उन लोगों को भी लगाया जा सकेगा जिन्हें पहले कभी डेंगू नहीं हुआ। यानी वैक्सीनेशन से पहले किसी तरह की प्री-वैक्सीनेशन टेस्टिंग की आवश्यकता नहीं होगी।
टाकेडा के इंटरनेशनल मार्केट्स प्रमुख महेंद्र नाइक ने बताया कि 2022 में लॉन्च होने के बाद से Qdenga को दुनिया के 43 देशों में मंजूरी मिल चुकी है और अब तक इसकी 3.2 करोड़ (32 मिलियन) से अधिक डोज़ वितरित की जा चुकी हैं। भारत में इसकी मंजूरी को डेंगू नियंत्रण अभियान के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
हर साल मानसून के दौरान देश में डेंगू के मामलों में तेज़ बढ़ोतरी देखने को मिलती है। ऐसे में इस वैक्सीन की उपलब्धता से संक्रमण के गंभीर मामलों को कम करने और लोगों की सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि वैक्सीन के साथ-साथ मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई और पानी जमा न होने देना जैसी सावधानियां भी उतनी ही जरूरी रहेंगी।
डेंगू से लड़ाई में यह नई वैक्सीन भारत के लिए एक बड़ी राहत मानी जा रही है और आने वाले समय में सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है।



















