नई दिल्ली/चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Punjab’s devastating 2025 floods included in the NCERT Class 9 textbook; read and understand what the curriculum says about the disaster.)वर्ष 2025 में पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ को अब राष्ट्रीय शैक्षिक पाठ्यक्रम का हिस्सा बना दिया गया है। NCERT द्वारा जारी कक्षा 9 की नई सामाजिक विज्ञान की पुस्तक “Understanding Society: India and Beyond – Grade 9 Part 1” में पंजाब की इस प्राकृतिक आपदा को एक केस स्टडी के रूप में शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक घटनाओं के माध्यम से आपदा प्रबंधन और प्राकृतिक आपदाओं के प्रभावों के बारे में जागरूक करना है।
पुस्तक में आपदाओं से संबंधित एक विशेष अध्याय तैयार किया गया है, जिसे वर्कशीट आधारित मॉडल पर विकसित किया गया है। इसमें विद्यार्थियों को अपने अनुभवों और इंटरनेट के माध्यम से जानकारी जुटाकर विभिन्न आपदाओं के बारे में लिखने और समझने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
NCERT की पुस्तक में बताया गया है कि वर्ष 2025 में मानसून के दौरान हुई भारी बारिश और सतलुज, ब्यास तथा रावी नदियों के उफान के कारण पंजाब के कई हिस्सों में भीषण बाढ़ आई थी। इस बाढ़ ने राज्य के गांवों, कृषि भूमि, रिहायशी इलाकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया था।
पुस्तक के अनुसार, इस आपदा में जान-माल का व्यापक नुकसान हुआ। हजारों लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी। बड़ी मात्रा में कृषि भूमि जलमग्न हो गई, जिससे विशेष रूप से धान की फसल को गंभीर नुकसान पहुंचा।
इसके अलावा पोल्ट्री और डेयरी फार्मों को भी भारी क्षति हुई। बड़ी संख्या में गाय, भैंस और मुर्गियां या तो बाढ़ की चपेट में आकर मर गईं या बीमार हो गईं। कई सड़कें, पुल, सीमा पर लगी बाड़ और सार्वजनिक भवन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे।
NCERT ने इस नई पुस्तक में बहुभाषी शिक्षा को भी बढ़ावा दिया है। विद्यार्थियों को एक गतिविधि के तहत आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के पोस्टर का अपनी मातृभाषा में अनुवाद करने का कार्य दिया गया है, जिससे उनकी भाषाई और व्यावहारिक समझ दोनों विकसित हो सके।
नई पाठ्यपुस्तक में इतिहास, भूगोल और राजनीति विज्ञान जैसे विषयों के साथ-साथ समकालीन मुद्दों और अनुभव आधारित शिक्षा पद्धति को भी शामिल किया गया है, ताकि विद्यार्थियों की रुचि और सहभागिता बढ़ाई जा सके।



















