चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“‘Big good news for EPFO members: PF services will now be available on WhatsApp, the platform will be launched soon”) देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। Employees’ Provident Fund Organisation यानी EPFO अब अपनी सेवाओं को और ज्यादा डिजिटल बनाने जा रहा है। जल्द ही EPFO एक नया WhatsApp आधारित प्लेटफॉर्म शुरू करने की तैयारी में है, जिसके जरिए PF से जुड़ी कई जरूरी सेवाएं सीधे मोबाइल पर मिल सकेंगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों को छोटी-छोटी जानकारी या शिकायत के लिए EPFO दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जानकारी के अनुसार, सदस्य अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFO के आधिकारिक WhatsApp नंबर पर सिर्फ “Hello” भेजेंगे। इसके बाद उन्हें उनकी स्थानीय भाषा में एक मेन्यू मिलेगा, जहां से वे कई सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इस AI आधारित चैटबॉट सेवा के जरिए कर्मचारी अपना PF बैलेंस चेक कर सकेंगे, पिछले पांच ट्रांजैक्शन देख सकेंगे और अपने क्लेम का स्टेटस भी ट्रैक कर पाएंगे। इसके अलावा आधार से जुड़ी समस्याएं, लंबित मामलों की जानकारी और शिकायत दर्ज कराने जैसी सुविधाएं भी WhatsApp पर उपलब्ध होंगी। सबसे खास बात यह है कि यह सेवा 24×7 काम करेगी।
EPFO पहले से ही WhatsApp हेल्पलाइन के जरिए शिकायत निवारण सेवा चला रहा है, लेकिन अब इसे और अधिक एडवांस बनाया जा रहा है। ‘EPFO 3.0’ पहल के तहत भविष्य में UPI और ATM के जरिए PF निकालने जैसी सुविधाएं भी शुरू की जा सकती हैं।
इसी बीच पेंशनर्स के लिए भी राहत की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक EPFO न्यूनतम पेंशन राशि को ₹1000 से बढ़ाकर ₹3000 करने पर विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है तो लाखों पेंशनधारकों को महंगाई के दौर में बड़ी आर्थिक राहत मिल सकती है।



















