Home Chandigarh सरकार की सख्ती के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर Meta का...

सरकार की सख्ती के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर Meta का बड़ा एक्शन

द टारगेट न्यूज डेस्क।

(“After Government Crackdown, Meta Takes Major Action to Strengthen Children’s Safety “) दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों में शामिल Meta ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने साफ कहा है कि उसके किसी भी प्लेटफॉर्म पर बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री की मांग करना, साझा करना, उसका प्रचार करना या ऐसे कंटेंट के विज्ञापन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। Meta ने दोहराया कि इस तरह के मामलों में उसकी Zero Tolerance Policy लागू होती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाती है।

यह कदम ऐसे समय आया है जब एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि Instagram पर कुछ संदिग्ध पेड विज्ञापन दिखाई दिए, जिनमें आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर यूजर्स को Telegram चैनलों की ओर भेजा जा रहा था। इन चैनलों पर कथित तौर पर अवैध और अश्लील सामग्री बेचे जाने की बात सामने आई। मामले के सामने आने के बाद भारत सरकार ने भी सख्त रुख अपनाया। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने MeitY अधिकारियों को Meta से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

Meta का कहना है कि वह अपने प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने के लिए एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग कर रहा है। AI सिस्टम नियमों का उल्लंघन करने वाले कंटेंट का तेजी से पता लगाकर उसे हटाने में मदद करता है। कंपनी के अनुसार, उसके प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल दुनिया भर में लगभग 3.5 अरब लोग करते हैं, लेकिन कुछ अपराधी अपनी पहचान छिपाकर सिस्टम का दुरुपयोग करने की कोशिश करते हैं।

Meta ने बताया कि उसकी विशेषज्ञ टीमें लगातार नई सुरक्षा तकनीक विकसित कर रही हैं, संदिग्ध वेबसाइटों के लिंक ब्लॉक कर रही हैं और अन्य टेक कंपनियों व संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर ऐसे नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही हैं। कंपनी का उद्देश्य बच्चों और किशोरों सहित सभी यूजर्स के लिए सुरक्षित ऑनलाइन माहौल सुनिश्चित करना है।

Translate »
error: Content is protected !!