चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Government Releases ₹4.89 Crore for School Uniforms, Thousands of Students to Benefit “) पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 8 तक के ओबीसी (OBC) और सामान्य वर्ग (गरीबी रेखा से ऊपर) के छात्रों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्कूल यूनिफॉर्म खरीदने हेतु लगभग ₹4.89 करोड़ की राशि जारी की है। इस राशि से राज्यभर के 38,656 ओबीसी और 42,859 सामान्य वर्ग के छात्रों को प्रति छात्र ₹600 की दर से यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी।
जारी निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक छात्र को शर्ट, पैंट, सिख छात्रों के लिए पगड़ी/पटका, स्वेटर, जूते और मोजे उपलब्ध कराए जाएंगे। यूनिफॉर्म का रंग और डिजाइन पिछले वर्षों की तरह ही रहेगा। सभी स्कूलों को खरीदारी का पूरा रिकॉर्ड स्टॉक रजिस्टर में दर्ज करना होगा और वितरण से पहले अभिभावकों या संरक्षकों के हस्ताक्षर भी लेने होंगे।

जिलों की बात करें तो लुधियाना को सबसे अधिक राशि मिली है। यहां 2,898 ओबीसी और 12,892 सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए फंड जारी किया गया है। इसके बाद पटियाला का स्थान है, जहां 4,530 ओबीसी और 3,136 सामान्य वर्ग के छात्रों को लाभ मिलेगा। मोहाली, बठिंडा, होशियारपुर, जालंधर, अमृतसर, गुरदासपुर, फाजिल्का, रोपड़, संगरूर समेत राज्य के सभी 23 जिलों को उनकी छात्र संख्या के अनुसार राशि आवंटित की गई है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नई राशि का उपयोग तभी किया जाएगा, जब स्कूल यह प्रमाणित करेंगे कि वर्ष 2025-26 की यूनिफॉर्म पात्र छात्रों को पहले ही वितरित की जा चुकी है। जिला और स्कूल स्तर पर वितरण का प्रमाण-पत्र भी सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर बोझ कम करना और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इससे हजारों छात्रों को नए शैक्षणिक सत्र में गुणवत्तापूर्ण और समान यूनिफॉर्म का लाभ मिलेगा।



















