Home Chandigarh 19 से 23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट! 15 राज्यों में...

19 से 23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट! 15 राज्यों में ऑरेंज वार्निंग जारी

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Orange Alert! Heavy Rain Warning Across 15 States Till July 23”) देशभर में मानसून अब अपने रौद्र रूप में नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 से 23 जुलाई के बीच पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत 15 राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार में 18 से 20 जुलाई के बीच मौसम पूरी तरह बदल सकता है। वहीं 18 से 22 जुलाई तक असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बढ़ गया है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

हिमाचल प्रदेश में 19 से 23 जुलाई तक कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के साथ सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में व्यापक बारिश हो सकती है। मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जैसे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

जम्मू-कश्मीर में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, अचानक बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम चुनौतीपूर्ण रह सकता है, इसलिए सावधानी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव होगी।

Translate »
error: Content is protected !!