द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“Panjab University Hosts Indian U-18 Hockey Camp After 51 Years Ahead of Asian Championship “) पंजाब यूनिवर्सिटी के खेल इतिहास में एक बार फिर सुनहरा अध्याय जुड़ने जा रहा है। करीब 51 साल बाद विश्वविद्यालय परिसर में भारतीय हॉकी टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। हॉकी इंडिया ने भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम के लिए राष्ट्रीय कोचिंग कैंप पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉकी मैदान में शुरू करने की घोषणा की है। यह कैंप 6 जुलाई से 17 जुलाई तक चलेगा, जिसके बाद भारतीय टीम 20 से 25 जुलाई तक ओमान में होने वाली AHF यूथ हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप-2026 में हिस्सा लेगी।
इस विशेष कैंप का उद्घाटन पंजाब यूनिवर्सिटी की कुलपति रेणु विग करेंगी। टीम की कमान पूर्व भारतीय कप्तान और मौजूदा मुख्य कोच सरदार सिंह के हाथों में होगी। हाल ही में भारतीय अंडर-18 टीम ने जापान के काकामिगाहारा में आयोजित एशिया कप-2026 के फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया था।
यह वही ऐतिहासिक परिसर है, जहां वर्ष 1975 में भारतीय सीनियर हॉकी टीम ने कुआलालंपुर विश्व कप से पहले अभ्यास किया था। महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर की कोचिंग और अजित पाल सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर पहली बार हॉकी विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था।
इस बार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस सिंथेटिक एस्ट्रोटर्फ, फ्लडलाइट्स, जिम, स्विमिंग पूल, आवास और भोजन जैसी सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। हॉकी इंडिया ने पंजाब यूनिवर्सिटी की खेल सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे भारतीय हॉकी के विकास में अहम साझेदार बताया है। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में हॉकी इंडिया के साथ एमओयू कर और अधिक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित करने की भी योजना बनाई है। यह कैंप भारतीय जूनियर हॉकी के भविष्य को नई दिशा देने की उम्मीद जगाता है।



















