Home Una News नंगल खुर्द क्रिकेट कप पर कोकोवाल का कब्जा! विजेता को ₹51 हजार,...

नंगल खुर्द क्रिकेट कप पर कोकोवाल का कब्जा! विजेता को ₹51 हजार, उपविजेता को ₹31 हजार

हरोली (ऊना)। राजवीर दीक्षित 

 

(Kokowal clinches the Nangal Khurd Cricket Cup! ₹51,000 for the winner, ₹31,000 for the runner-up) उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नशा कोई राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि गंभीर सामाजिक बुराई है। इसके खिलाफ प्रदेश सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। ऊना जिले में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की करीब 1.75 करोड़ रुपये की संपत्तियां सील की गई हैं और ऐसी संपत्तियों को कब्जे में लेने की कार्रवाई भी की गई है। नशे को बढ़ावा देने में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों की सेवाएं भी समाप्त की गई हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज, पंचायतों, युवाओं और खेल संगठनों की भागीदारी बेहद जरूरी है।

उप मुख्यमंत्री बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के नंगल खुर्द में आयोजित क्रिकेट कप के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। 17 से 21 अक्तूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कोकोवाल, पंजाब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि नंगल खुर्द की टीम उपविजेता रही। मुकेश अग्निहोत्री ने विजेता टीम को 51 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये और ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया।

टूर्नामेंट कमेटी को हर साल मिलेंगे एक लाख रुपये

मुकेश अग्निहोत्री ने नंगल खुर्द क्रिकेट टूर्नामेंट कमेटी को अपनी ओर से एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और गांव में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टूर्नामेंट के आयोजन के लिए हर साल एक लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए क्रिकेट कमेटी और पंचायत के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि नंगल खुर्द में खेल मैदान पर 50 लाख रुपये की लागत से लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर खेल मैदानों में लाइटें लगाने का काम किया जा रहा है। नगनोली और बीटन में भी 50-50 लाख रुपये की लागत से लाइटें लगाई गई हैं।

नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं और पंचायतों की अहम भूमिका

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव अब दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। ऐसे में केवल सरकार के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस लड़ाई में आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को पकड़ा जा रहा है। साथ ही युवाओं और बच्चों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने नंगल खुर्द क्रिकेट कमेटी और पंचायत की सराहना करते हुए कहा कि गांव को सुरक्षित रखने और युवाओं को सही दिशा देने के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित होती है।

हरोली में पेयजल योजनाओं पर हो रहा व्यापक काम

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। क्षेत्र में पहले पानी की कमी के कारण लोगों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब विभिन्न पेयजल योजनाओं के माध्यम से लोगों को राहत मिल रही है। सिंचाई और पेयजल सुविधाओं में सुधार से किसानों को भी लाभ पहुंच रहा है। आज क्षेत्र में किसान सब्जियों की पैदावार कर उन्हें बाजार तक पहुंचा रहे हैं, जो बेहतर जल सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम है।

उन्होंने बताया कि बीटन और सिंघा क्षेत्र में पहले भी पेयजल योजना के माध्यम से पानी पहुंचाने का काम किया गया है। इसके अतिरिक्त करीब 75 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही पेयजल योजना के माध्यम से करमपुर, पालकवाह, पूबोवाल, पोलियां सहित आसपास के गांवों में पानी पहुंचाने की दिशा में काम किया गया है।

उन्होंने कहा कि पोलियां में 50 लाख लीटर क्षमता का टैंक तैयार किया गया है, जबकि दुलैहड़ में 25 लाख लीटर क्षमता और अमराली में भी 25 लाख लीटर क्षमता के टैंक का निर्माण किया गया है। क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 101 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की गई है, जिसके तहत पुराने 136 ट्यूबवेल को बोर करके सुधारने का काम किया जाएगा। इसके अलावा पंडोगा क्षेत्र के लिए भी करीब 100 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर काम किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नंगल खुर्द में पेयजल आपूर्ति को लेकर उठाई गई मांगों को भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए वे प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य ज्योति वाला, महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष सुखविंदर कौर, नंगल खुर्द पंचायत के प्रधान जसवंत सिंह, उपप्रधान अश्वनी कुमार सहित पंचायत प्रतिनिधि, क्रिकेट कमेटी के सदस्य, खिलाड़ी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Translate »
error: Content is protected !!