हिमाचल में कुटलैहड़ व हमीरपुर से CM व डिप्टी CM के खासमखास को टिकट, सुक्खू का ऐलान इन्हें मौका दे बड़ी जिम्मेवारी हम देंगे।

The Target News

ऊना । राजवीर दीक्षित

हिमाचल प्रदेश में बागी विधायकों को घेरने के लिए खुद मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ने मोर्चा संभाला है। आज ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा सीट से विवेक शर्मा कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे।

वहीं, हमीरपुर लोकसभा से सतपाल रायजादा को कांग्रेस टिकट दे सकती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को कुटलैहड़ में आयोजित जनसभा में इसके संकेत दिए। उन्होंने कहा- पार्टी ने कुटलैहड़ विधानसभा उप-चुनाव के लिए सर्वे कराया है। सर्वे में विवेक शर्मा का नाम सबसे ऊपर है।

मुख्यमंत्री ने कहा- टिकट का फैसला हाईकमान करेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के बागी एवं कुटलैहड़ से पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो पर जोरदार हमला किया।

उन्होंने कहा- भुट्टो को वोट देकर बुरी तरह कूटो। सुक्खू ने फिर कहा कि राजनीति में कुट्टो को मतलब वोट देकर हराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा- आपके पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो बिक गए हैं। ऐसे व्यक्ति को सबक सिखाकर राजनीति से बाहर करना है।

उन्होंने कहा- विधायक बनने से पहले देवेंद्र भुट्टो बार-बार उनके पास आते और टेंडर के लिए अधिकारियों को फोन करने का उनसे आग्रह करते रहते। ऐसे व्यक्ति को पार्टी ने टिकट दिया और विधायक बनाया। विधायक बनने पर भुट्टो ने पार्टी को धोखा दिया।

अपने बेबाक बोल के कारण चर्चित हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने भाजपा को लेकर कही ये बड़ी बात, देखें वीडियो

कुटलैहड़ से टिकट की रेस में विवेक शर्मा के अलावा पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, कर्नल धमेंद्र पटियाल, जिला परिषद सदस्य उर्मिला शर्मा, किसान नेता देशराज मोदगिल, अरुण पटियाल भी शामिल थे।

मगर अब स्पष्ट है कि कुटलैहड़ से विवेक शर्मा ही पार्टी प्रत्याशी होंगे। उनके पिता दो बार विधायक रह चुके हैं।
हिमाचल की राजनीति में बागी विधायकों को सबक सिखाने के लिए मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ने खुद मोर्चा संभाल रखा है।