चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Law student dies after being shot; bullet struck the temple) चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में शनिवार देर रात एक लॉ स्टूडेंट की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लुधियाना निवासी अजय गिल के रूप में हुई है, जो लॉ की अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। गोली उसकी कनपटी पर लगी थी। गंभीर हालत में उसे सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कई एंगल से कर रही है। शुरुआती जांच में गोली गलती से चलने की संभावना सामने आई है, हालांकि आत्महत्या और हत्या समेत अन्य पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
पार्टी के बाद दोस्तों के साथ सेक्टर-17 पहुंचा था अजय
जानकारी के मुताबिक, अजय शनिवार रात अपने दोस्त शानू गुप्ता के साथ सेक्टर-26 स्थित एक क्लब में पार्टी करने गया था। पार्टी में एक महिला के भी मौजूद होने की बात सामने आई है। इसके बाद अजय और उसके दोस्त होटल पहुंचे और कुछ समय वहां रुके।
बाद में वे सेक्टर-17 इलाके में पहुंचे, जहां गोली चलने की घटना हुई। पुलिस अब पार्टी से लेकर होटल और घटनास्थल तक अजय के साथ मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।
पिस्टल से अचानक गोली चलने की बात
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि अजय नशे की हालत में था। इसी दौरान उसके सिर पर चोट लगी और खून निकलने की बात कही जा रही है। इसके बाद उसके हाथ में मौजूद पिस्टल से अचानक गोली चलने की बात सामने आई।
हालांकि पुलिस अभी इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमॉर्टम और CCTV फुटेज से घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।
पिता के लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि जिस पिस्टल से गोली चली, वह अजय के पिता के नाम पर है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार अजय तक कैसे पहुंचा और घटना के समय उसके पास क्यों था।
हथियार के लाइसेंस और स्वामित्व से संबंधित जानकारी भी पुलिस ने जुटाई है।
दोस्त ने पुलिस को बताया घटनाक्रम
पुलिस को दिए बयान में नवी ने बताया कि वह अजय के साथ सेक्टर-17 स्थित शराब के ठेके पर गया था। उसके अनुसार, अजय कार पार्किंग के पास बैठा था और वह शराब की बोतल लेने के लिए बाहर गया था। वापस लौटने पर उसने अजय को गोली लगी हालत में देखा और उसके दोस्तों को अस्पताल ले जाने की तैयारी करते पाया।
CCTV और फोरेंसिक जांच से खुलेगा राज
पुलिस सेक्टर-17, होटल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि घटना के समय अजय के साथ कौन-कौन मौजूद था और गोली किन परिस्थितियों में चली।
फिलहाल पुलिस के सामने तीन प्रमुख सवाल हैं—गोली गलती से चली, अजय ने खुद को गोली मारी या घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी। इन सवालों का जवाब पोस्टमॉर्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।



















