लुधियाना। राजवीर दीक्षित
(Health Department raids sweet factory; 3 quintals of suspicious sweets destroyed) लुधियाना में त्योहारी सीजन के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सेहत विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जस्सियां रोड स्थित आमेवी स्वीट्स फैक्ट्री में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 3 क्विंटल संदिग्ध मिठाइयां बरामद कीं। विभाग के मुताबिक, मिठाइयां साफ-सफाई के उचित मानकों के बिना तैयार की जा रही थीं।
जांच के दौरान टीम ने मिठाइयों के सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर फैक्ट्री के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गंदगी के बीच तैयार हो रही थीं मिठाइयां
फूड सेफ्टी विभाग को शिकायत मिली थी कि जस्सियां रोड स्थित फैक्ट्री में खाद्य सामग्री तैयार करने के दौरान स्वच्छता मानकों की अनदेखी की जा रही है। सूचना के आधार पर शनिवार को टीम ने फैक्ट्री में दबिश दी।
जांच के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में अलग-अलग तरह की मिठाइयां तैयार मिलीं। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी।
पुरानी मिठाई और चाशनी के इस्तेमाल का आरोप
डीएचओ आशीष चावला के अनुसार, जांच के दौरान ऐसी सामग्री भी सामने आई, जिसके बारे में आशंका है कि मिठाइयां तैयार करने में पुरानी या वेस्टेज मिठाइयों और चाशनी का इस्तेमाल किया जा रहा था।
विभाग का कहना है कि यदि खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है तो उसके सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
3 क्विंटल मिठाइयों के सैंपल लिए
फूड सेफ्टी टीम ने मौके से करीब 3 क्विंटल मिठाइयां जब्त कीं। इनमें से सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं। विभाग के मुताबिक, प्रथम दृष्टया इन मिठाइयों को खाने योग्य नहीं माना गया है और इन्हें नष्ट करवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई
डीएचओ आशीष चावला ने बताया कि फैक्ट्री के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई तय होगी।
सेहत विभाग की इस कार्रवाई के बाद मिठाई कारोबार में स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से समझौता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



















