Home Political ममता को बड़ा झटका, 17 बागी सांसद BJP में जाएंगे

ममता को बड़ा झटका, 17 बागी सांसद BJP में जाएंगे

कोलकाता। टारगेट न्यूज नेटवर्क 

(Major setback for Mamata; 17 rebel MPs to join BJP) पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लग सकता है। पार्टी से अलग हुए 20 बागी सांसदों में से 17 सांसद अक्टूबर में दुर्गा पूजा से पहले या बाद भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की तैयारी में हैं। यह दावा कूचबिहार से सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने किया है।

तीन सांसद बाहर से देंगे NDA को समर्थन

बसुनिया के मुताबिक 17 सांसद सीधे भाजपा का दामन थामेंगे, जबकि अबू ताहेर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान भाजपा में शामिल हुए बिना बाहर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का समर्थन करेंगे। बागी सांसदों का दावा है कि दो-तिहाई से अधिक संख्या के साथ अलग होने के कारण उन पर दल-बदल कानून लागू नहीं होगा।

चुनावी हार के बाद शुरू हुई थी बगावत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद जून में पार्टी के भीतर बगावत खुलकर सामने आई थी। करीब 20 लोकसभा सांसदों ने अलग गुट बनाकर राष्ट्रीय नागरिक पार्टी ऑफ इंडिया में विलय का ऐलान किया था और केंद्र की राजग सरकार को समर्थन देने की बात कही थी।

ममता के सामने सांसदों की संख्या भी घटी

बागी गुट के अलग होने से लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस की ताकत काफी कम हुई है। पार्टी ने बागी सांसदों की सदस्यता खत्म करने की मांग भी उठाई है और इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। अगस्त में तृणमूल ने लोकसभा अध्यक्ष के स्तर पर कार्रवाई में देरी का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट में उठाया था।

विधानसभा में भी बड़ा टूट चुका है गुट

विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर विधायकों का भी एक बड़ा गुट अलग हो चुका है। ऐसे में यदि 17 सांसद भाजपा में शामिल होते हैं, तो पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के सामने संगठन और संसदीय राजनीति दोनों मोर्चों पर चुनौती और बढ़ सकती है।

फिलहाल 17 सांसदों के भाजपा में शामिल होने की बात बागी सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया के दावे पर आधारित है।

Translate »
error: Content is protected !!