Home Chandigarh पेट्रोल-डीजल और महंगे हो सकते हैं! कीमतों में इतनी बढ़ोतरी संभव

पेट्रोल-डीजल और महंगे हो सकते हैं! कीमतों में इतनी बढ़ोतरी संभव

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Petrol and Diesel May Become Even More Expensive! Prices Could Increase by This Much”) देश में पहले से ही महंगाई की मार झेल रही आम जनता के लिए आने वाले दिन और मुश्किल भरे हो सकते हैं। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की ताजा रिपोर्ट ने संकेत दिया है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में जल्द ही और बढ़ोतरी हो सकती है। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें मौजूदा ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो ईंधन की कीमतों में 10 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा देखने को मिल सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 15 मई के बाद से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं, चालू वित्त वर्ष के शुरुआती दो महीनों में कच्चे तेल की औसत कीमत 112 डॉलर प्रति बैरल रही है, जो सरकार और बाजार के अनुमानित 95 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से काफी अधिक है। ऐसे में तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा है, जिसका असर उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगी। देश में लगभग 71 प्रतिशत माल ढुलाई सड़क मार्ग से होती है और परिवहन लागत का बड़ा हिस्सा डीजल पर निर्भर करता है। ऐसे में दूध, फल, सब्जियां, दालें, चाय, कॉफी, मसाले, अंडे, मांस और मछली जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो सकती हैं। इसके अलावा कपड़ा, सीमेंट, कोयला, रसायन और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर पर भी असर पड़ने की आशंका है।

क्रिसिल का अनुमान है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 7.5 रुपये की बढ़ोतरी से खुदरा महंगाई दर में 0.36 प्रतिशत और 10 रुपये की बढ़ोतरी से लगभग 0.48 प्रतिशत का इजाफा हो सकता है। हालांकि फिलहाल महंगाई RBI के 4 प्रतिशत लक्ष्य से नीचे है, लेकिन कमजोर मानसून और अल नीनो जैसी मौसम संबंधी चुनौतियां भविष्य में स्थिति को और गंभीर बना सकती हैं। ऐसे में आम लोगों की जेब पर महंगाई का बोझ और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Translate »
error: Content is protected !!