Home Una News पंजावर में अगले वर्ष से शुरू होंगी एमबीए की कक्षाएं: मुकेश अग्निहोत्री

पंजावर में अगले वर्ष से शुरू होंगी एमबीए की कक्षाएं: मुकेश अग्निहोत्री

ऊना। राजवीर दीक्षित 

(MBA classes to begin in Panjawar from next year: Mukesh Agnihotri) उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंजावर में निर्माणाधीन मियां हीरा सिंह स्टेट कोऑपरेटिव ट्रेनिंग सेंटर एवं सामुदायिक केंद्र में अगले वर्ष से एमबीए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए गुजरात के आनंद स्थित त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के साथ सहयोग किया जाएगा। यह विश्वविद्यालय सहकारिता के क्षेत्र में प्रशिक्षित प्रबंधक, विशेषज्ञ और नेतृत्व तैयार करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।

उन्होंने बताया कि करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

मुकेश अग्निहोत्री बुधवार को सहकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखने वाले पंजावर गांव में आयोजित छिंज मेले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए पंजावर में बस अड्डे के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग बस अड्डे के लिए जिस स्थान का चयन करेंगे, वहां इसका निर्माण किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने छिंज मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को कुश्ती के प्रति प्रोत्साहित करते हैं।

दंगल में मलेरकोटला के रज्जाक विजेता और होशियारपुर के बिल्लू उपविजेता रहे। मुकेश अग्निहोत्री ने विजेता को 41 हजार रुपये और उपविजेता को 30 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। वहीं, ऊना केसरी का खिताब ऊना हॉस्टल के समीर ने अपने नाम किया, जबकि पंजावर के सौरभ उपविजेता रहे। इस मुकाबले में समीर को 12 हजार रुपये और सौरभ को 9 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

इससे पहले दंगल कमेटी ने कुश्ती प्रतियोगिता में पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं ग्राम पंचायत पंजावर के प्रधान रणजीत राणा, ग्राम पंचायत लोअर पंजावर के प्रधान प्रमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी उपस्थित रहे।

Translate »
error: Content is protected !!