ऊना। राजवीर दीक्षित
(Mukesh Agnihotri bowed before Guru Nanak Dev Ji and delivered a message of brotherhood) उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर ऊना स्थित ऐतिहासिक किला बाबा साहिब सिंह बेदी में माथा टेककर प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की अरदास की। इस अवसर पर उन्होंने ऊना नगर के संस्थापक एवं श्री गुरु नानक देव जी के वंशज बाबा सरबजोत सिंह बेदी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने गुरु पर्व की बधाई देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर ऐतिहासिक एवं दिव्य स्थल किला बाबा साहिब सिंह बेदी में आने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि बाबा बेदी का ऊना के विकास, जनकल्याण और गरीबों की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पंजाब सहित पूरे उत्तर भारत में उनका विशेष सम्मान है। उनकी उपस्थिति से यह पावन स्थल और भी दिव्यता का अनुभव करवाता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का संदेश देती हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में आपसी सद्भाव और समरसता को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में संगत गुरु चरणों में शीश नवाने पहुंची है। उन्होंने संत समाज और समस्त संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा और पूर्व विधायक सतपाल रायजादा भी उपस्थित रहे। बाबा सरबजोत सिंह बेदी ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक विवेक शर्मा और पूर्व विधायक सतपाल रायजादा को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
इससे पूर्व सुबह श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। रागी जत्थों ने गुरबाणी का शब्द कीर्तन एवं कथा के माध्यम से संगत को गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और जीवन दर्शन से अवगत करवाया। बाबा सरबजोत सिंह बेदी ने अपने प्रवचनों में संगत को गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने तथा ‘किरत करो, वंड छको और नाम जपो’ के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का सर्व-सांझीवालता का संदेश आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने के साथ ही पूरी दुनिया को सही दिशा प्रदान करने में सक्षम है।










