Home Himachal Pradesh सुक्खू सरकार में बड़ा फेरबदल होने के संकेत? 2 मंत्रियों को हटाने...

सुक्खू सरकार में बड़ा फेरबदल होने के संकेत? 2 मंत्रियों को हटाने की चर्चा

शिमला । राजवीर दीक्षित

(Signs of a major reshuffle in the Sukhu government? Talk of removing two ministers)हिमाचल की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू समेत वरिष्ठ मंत्री दिल्ली पहुंच गए हैं। पार्टी नेतृत्व के बुलावे पर होने वाली बैठक में मंत्रिमंडल के विस्तार, फेरबदल और मंत्रियों के विभागों में बदलाव पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली की यह बैठक सुक्खू सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर कांग्रेस के भीतर गतिविधियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को राहुल गांधी के दिल्ली से बाहर रहने के कारण नेताओं की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। अब बुधवार को राहुल गांधी के साथ बैठक को लेकर उम्मीद बनी हुई है। इसी बीच प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और संगठन के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल से नेताओं की मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी चर्चा हो सकती है। ऐसे में आज होने वाली बैठकों के बाद नए मंत्री और संभावित फेरबदल को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

दिल्ली में जुटा हिमाचल कांग्रेस नेतृत्व

मुख्यमंत्री के साथ हिमाचल सरकार के कई मंत्री और कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेता इन दिनों दिल्ली में मौजूद हैं। मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, कृषि मंत्री चंद्र कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी दिल्ली में हैं। मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री बीते रोज दिल्ली पहुंचे थे, जबकि उपमुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्री मंगलवार को दिल्ली रवाना हुए। माना जा रहा है कि दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठकों के अलावा प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।

मंत्रिमंडल से संगठन तक बदलाव, 2027 पर नजर

सरकार और संगठन में होने वाला संभावित बदलाव सीधे तौर पर 2027 के चुनाव से जुड़ा माना जा रहा है। मंत्रिमंडल में नए चेहरे को मौका देने के साथ संगठनात्मक स्तर पर भी कई नियुक्तियां की जा सकती हैं। पार्टी की कोशिश चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और अलग-अलग क्षेत्रों में राजनीतिक संतुलन साधने की होगी।

मंत्रिमंडल विस्तार पर दिल्ली में मंथन, सुंदर ठाकुर के नाम पर फैसला बाकी

हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने का ऐलान कर चुके हैं, लेकिन अंतिम निर्णय कांग्रेस नेतृत्व के हाथ में है। बताया जा रहा है कि मंत्री पद के अन्य दावेदार भी अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। इस बीच सुंदर ठाकुर और आशीष बुटेल का दिल्ली में होना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें हाईकमान के साथ होने वाली बातचीत पर टिकी हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार से पहले दो मंत्रियों की छुट्टी की चर्चा, संगठन में मिल सकती है नई जिम्मेदारी

मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच अब मौजूदा मंत्रियों में फेरबदल की अटकलें भी तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विस्तार के साथ कुछ मंत्रियों को हटाकर वरिष्ठ और बुजुर्ग नेताओं को संगठन में नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। शिमला संसदीय क्षेत्र से तीन मंत्री होने के कारण यहां से भी एक मंत्री की छुट्टी की संभावना जताई जा रही है। अब सबकी नजरें अगले निर्णायक कदम पर टिकी हैं। वन-टू-वन चर्चा होगी या सभी नेताओं के साथ सामूहिक बैठक, इसे लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है।

सीएम की वापसी के साथ तेज होगा सत्ता का समीकरण

मुख्यमंत्री के आज शिमला लौटने की संभावना है और 11 सितंबर को कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। दिल्ली में हाईकमान के साथ मंथन के बाद अगर कोई फैसला सामने आता है तो उसका सीधा असर हिमाचल सरकार और संगठन की राजनीति पर पड़ सकता है। मंत्रिमंडल में नए चेहरों की एंट्री होगी या मौजूदा मंत्रियों में बदलाव, इसका फैसला अब दिल्ली की बैठक के बाद तय होगा।

Translate »
error: Content is protected !!