चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Raghav Chadha left off the draft voter list; now, a new challenge!) पंजाब में मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया यानी SIR के बाद जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को लेकर सियासत तेज हो गई है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं मिला है। चुनाव आयोग की 13 अगस्त 2026 को जारी ड्राफ्ट सूची में उनका नाम ASDD (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट) सूची में शामिल किया गया है। उनके नाम के सामने ‘स्थायी रूप से स्थानांतरित’ दर्ज किया गया है।
चड्ढा ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि वह पंजाब से मौजूदा राज्यसभा सांसद हैं और उनका वोटर आईडी मोहाली में पंजीकृत है। इसके बावजूद ड्राफ्ट सूची में उन्हें ‘शिफ्टेड’ बताया गया है।
AAP ने भी उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इस मामले को लेकर चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि SIR चुनाव आयोग की प्रक्रिया है, ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि इस पूरी प्रक्रिया में राज्य सरकार की क्या भूमिका है।
AAP नेताओं के मुताबिक, चड्ढा का नाम चुनाव आयोग की प्रक्रिया के तहत ड्राफ्ट सूची से बाहर हुआ है, इसलिए इसके लिए सीधे पंजाब सरकार को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
मोहाली में दर्ज था वोट
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राघव चड्ढा का नाम मोहाली नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 44 की मतदाता सूची में दर्ज था। रीजेंसी हाइट्स में उनकी रिहायश बताई जाती है।
नगर निगम की पिछली मतदाता सूची में उनका नाम बूथ नंबर 160 पर सीरियल नंबर 253 पर दर्ज होने की बात सामने आई है। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने मोहाली के गांव लखनौर स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया था।
हालांकि, इसके बाद उनके पंजाब में कम दिखाई देने और रिहायश से स्थायी रूप से स्थानांतरित होने से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है।
पहले दिल्ली में दर्ज था वोट
राज्यसभा चुनाव 2022 के दौरान राघव चड्ढा का नाम दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज था। उस समय चुनाव आयोग के समक्ष दिए गए हलफनामे में उनका नाम राजेंद्र नगर की मतदाता सूची में सीरियल नंबर 313 और पार्ट नंबर 52 में दर्ज बताया गया था।
बाद में दिल्ली की मतदाता सूची में उनका नाम नहीं रहा और इसके बाद पंजाब में उनका वोट दर्ज होने की जानकारी सामने आई।
20.66 लाख नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर
पंजाब में SIR के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब 20.66 लाख मतदाताओं के नाम बाहर किए गए हैं। यह राज्य की कुल मतदाता सूची का लगभग 9.7 प्रतिशत बताया गया है।
ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद अब दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही है। जिन मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दोबारा शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अंतिम मतदाता सूची अक्टूबर 2026 में जारी की जानी है।



















