चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Raghav Chadha visits BJP office; deliberations held on senior leaders’ Punjab tour!) पंजाब में नशे के खिलाफ भाजपा बड़े अभियान की तैयारी में जुट गई है। प्रस्तावित ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को लेकर चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय में अहम बैठक हुई। खास बात यह रही कि आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद राघव चड्ढा और संदीप पाठक पहली बार पंजाब भाजपा कार्यालय पहुंचे।
दोनों नेता कड़ी सुरक्षा के बीच चंडीगढ़ पहुंचे। कार्यालय में प्रवेश से पहले संदीप पाठक ने दहलीज को नमन किया और इसके बाद बैठक में शामिल हुए। बैठक में पंजाब भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया के अलावा सांसद सतनाम सिंह संधू और अशोक मित्तल समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
चार रूट से निकलेगी नशा मुक्ति यात्रा
भाजपा की योजना के मुताबिक, ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत 18 सितंबर से होने की संभावना है। चार अलग-अलग स्थानों से यात्राएं निकाली जाएंगी।
- 18 सितंबर: पठानकोट से पहली यात्रा
- 19 सितंबर: फतेहगढ़ साहिब से दूसरी यात्रा
- 20 सितंबर: फाजिल्का से तीसरी यात्रा
- 21 सितंबर: तख्त श्री दमदमा साहिब से चौथी यात्रा
चारों यात्राएं 30 सितंबर को जालंधर में पहुंचकर समाप्त होंगी। यहां भाजपा की ओर से बड़ी जनसभा आयोजित किए जाने की तैयारी है। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
राघव-पाठक को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
संदीप पाठक के भाजपा में शामिल होने के बाद पंजाब में यह उनका पहला दौरा बताया जा रहा है। पंजाब की राजनीति और संगठनात्मक समीकरणों की उनकी समझ को देखते हुए पार्टी उन्हें यात्रा में अहम जिम्मेदारी देने की तैयारी में है।
वहीं, राघव चड्ढा भी पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं और आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। ऐसे में दोनों नेताओं की मौजूदगी को भाजपा के इस अभियान के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लुधियाना-बरनाला में रजिंदर गुप्ता की भूमिका
राज्यसभा सांसद रजिंदर गुप्ता को लुधियाना और बरनाला क्षेत्र में यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। भाजपा की ओर से यात्रा की तैयारियों को लेकर लगातार संगठनात्मक बैठकें की जा रही हैं।
पार्टी इस अभियान को केवल राजनीतिक कार्यक्रम के बजाय नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान के तौर पर पेश करने की रणनीति पर काम कर रही है।
भाजपा की बैठक में पहली बार साथ दिखे कई नेता
अप्रैल 2026 में पंजाब से राज्यसभा भेजे गए सात सदस्यों में से छह के भाजपा में शामिल होने के बाद यह पहला मौका माना जा रहा है, जब ये नेता पंजाब भाजपा के मंच पर एक साथ नजर आएंगे।
राघव चड्ढा का पंजाब में यह आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद दूसरा दौरा है। इससे पहले वह लुधियाना में भाजपा की बैठक में शामिल हुए थे। हाल ही में मोहाली की वोटर लिस्ट में अपना नाम ट्रांसफर होने को लेकर भी उन्होंने पंजाब की AAP सरकार पर सवाल उठाए थे। अब भाजपा की बैठक में उनकी सक्रिय मौजूदगी को पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।















