चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Special News for NEET Re-Examination Candidates “) NEET UG 2026 री-एग्जाम की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पेपर लीक विवाद के बाद 21 जून को दोबारा आयोजित की जा रही परीक्षा के मद्देनज़र कई राज्य सरकारों ने अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा केंद्र तक तनावमुक्त और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों ने उम्मीदवारों को सरकारी बसों में निशुल्क सफर की सुविधा देने का फैसला किया है। खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए किसी प्रकार के अलग पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी। छात्रों को केवल अपना NEET एडमिट कार्ड या हॉल टिकट दिखाना होगा, जो उनके लिए मुफ्त यात्रा पास के रूप में काम करेगा।
दिल्ली में अभ्यर्थी डीटीसी बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे, जबकि हरियाणा सरकार ने भी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए विशेष व्यवस्था की है। बिहार में छात्रों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने दोनों दिशाओं में रोडवेज बसों की निशुल्क सुविधा मिलेगी। वहीं उत्तराखंड, ओडिशा और आंध्र प्रदेश ने भी अपने-अपने स्तर पर छात्रों के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की है।
इस बार परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद सख्त रखी गई है। प्रशासन किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहता। जानकारी के अनुसार प्रश्नपत्रों को सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
सरकारों की यह पहल न सिर्फ छात्रों का आर्थिक बोझ कम करेगी, बल्कि उन्हें परीक्षा के दिन बेहतर माहौल और आत्मविश्वास के साथ केंद्र तक पहुंचने में भी मदद करेगी।



















