चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Schools Get Big Order! Swachh & Green School Rating Mandatory from August 1”) पंजाब के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त (एडेड) और निजी स्कूलों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (SHVR) कार्यक्रम को सभी स्कूलों में अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। यह फैसला केंद्र सरकार के 16 जुलाई 2026 के निर्देशों के बाद लिया गया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, 1 अगस्त 2026 से SHVR पोर्टल और मोबाइल ऐप शुरू होगा, जिसके माध्यम से सभी स्कूलों को ऑनलाइन पंजीकरण और स्वयं मूल्यांकन (Self Assessment) करना होगा। इस अभियान का उद्देश्य स्कूलों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, बेहतर शौचालय, हाथ धोने की व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और छात्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

स्कूलों का मूल्यांकन छह प्रमुख मानकों पर किया जाएगा, जिनमें पेयजल, शौचालय, साबुन से हाथ धोने की सुविधा, संचालन एवं रखरखाव, व्यवहार परिवर्तन एवं क्षमता निर्माण तथा मिशन LiFE से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं।
प्रतियोगिता के तहत स्कूलों को दो श्रेणियों में बांटा गया है। जिला स्तर पर चयनित स्कूल राज्य स्तर पर पहुंचेंगे और वहां से 20 स्कूल राष्ट्रीय स्तर के लिए नामांकित किए जाएंगे। पूरे देश में अंतिम रूप से 200 स्कूलों का चयन होगा।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्कूलों को 1 लाख रुपये का विशेष कॉम्पोजिट स्कूल ग्रांट दिया जाएगा। इसके अलावा चयनित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को तीन दिवसीय एक्सपोजर विजिट का भी अवसर मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से दो महीने तक चलेगी। जिला स्तर का मूल्यांकन अक्टूबर के अंत तक, राज्य स्तर का मूल्यांकन दिसंबर के पहले सप्ताह तक और राष्ट्रीय स्तर का सत्यापन फरवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए राज्य, जिला, ब्लॉक और स्कूल स्तर पर विशेष समितियां भी गठित कर दी हैं।



















